विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पौढ़ी गढ़वाल में अचानक सड़क पर आ धमका हाथी, स्कूटी और बाइक सवारों को दौड़ाया

Published: Sun, 26 Apr 2026 06:14 AM (IST)

लालढांग-चिलरखाल वन मोटर मार्ग पर एक हाथी ने स्कूटी और बाइक सवारों को दौड़ाया, जिससे वे बाल-बाल बचे।

एआई जेनेरेटेड तस्वीर

एआई जेनेरेटेड तस्वीर

HighLights

  1. हाथी ने स्कूटी-बाइक सवारों को दौड़ाया।

  2. लालढांग-चिलरखाल वन मोटर मार्ग पर घटना।

  3. हाथी जंगल में लौटने पर लोगों ने ली राहत।

संवाद सूत्र, जागरण, कोटद्वार। लालढांग-चिलरखाल वन मोटर मार्ग पर शनिवार सुबह स्कूटी व बाइकों पर सवार कुछ युवा हाथी के हमले से बाल-बाल बचे। हाथी ने स्कूटी व बाइक सवार लोगों को कुछ दूर तक दौड़ाया था।

हालांकि, बाद में हाथी जंगल की ओर चला गया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। लैंसडौन वन प्रभाग की कोटद्वार व लालढांग रेंज के अंतर्गत लालढांग-चिलरखाल वन मोटर मार्ग आरक्षित वन क्षेत्र से होकर गुजरता है।

स्थानीय जन देहरादून अथवा हरिद्वार आवाजाही करने के लिए इसी मार्ग का प्रयोग करते हैं। हालांकि, वन क्षेत्र होने के कारण हर वक्त मार्ग पर वन्य जीवों का खतरा बना रहता है। शनिवार सुबह कोटद्वार निवासी आनंद सिंह अपनी स्कूटी से देहरादून की ओर जा रहे थे।

साथ में दो अन्य बाइकों पर भी चार लोग सवार थे। लालढांग-चिलरखाल वन मोटर मार्ग पर सिगड्डी स्रोत से आगे बढ़ते ही अचानक एक हाथी सड़क पर आ गया। बाइक व स्कूटी सवार लोगों ने अपने वाहन रोक लिए।

इससे पहले वाहन सवार कुछ समझ पाते, हाथी तेजी से वाहनों की ओर आया। सभी ने किसी तरह मौके से भाग जान बचाई। इसी दौरान एक पिकअप वाहन भी मौके पर पहुंच गया।

करीब आधे घंटे तक हाथी सड़क पर खड़ा रहा, जिस कारण सड़क पर दोनों ओर वाहन खड़े हो गए। बाद में हाथी जंगल की ओर चला गया, जिस पर लोगों ने राहत की सांस ली।

यह भी पढ़ें- रुद्रप्रयाग में धधक रहे जंगल: इस सीजन सामने आई आगजनी की 20 घटनाएं, 15 हेक्टेयर वन क्षेत्र जलकर खाक