विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोटद्वार हादसे के मृतकों को अंतिम यात्रा के लिए नहीं नसीब हुई घर की देहरी, सड़क न होने की मजबूरी, घर नहीं ले जा सके शव

Published: Sun, 29 Nov 2026 10:33 PM (IST)

कोटद्वार के रिखणीखाल में हुए सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जिनमें सात महिलाएं शामिल थीं।

News Article Hero Image

HighLights

  1. रिखणीखाल हादसे में आठ लोगों की मौत, सात महिलाएं शामिल।

  2. सड़क न होने से शवों को घर नहीं ले जा पाए परिजन।

  3. ग्रामीणों की सड़क संपर्क की मांग लंबे समय से अनसुनी।

जागरण संवाददाता, कोटद्वार। पहाड़ की विषम भौगोलिक परिस्थितियां कहें अथवा सरकारी तंत्र की अनदेखी, मां-बाप का घर छोड़ने के बाद जिन बेटियों ने मां बन ससुराल को अपना परिवार मान पूरे जतन से अपना धर्म निभाया, अंतिम समय में उन्हें घर की चौखट भी नसीब न हो पाई।

शनिवार सुबह अपने परिवार की बेहतरी के लिए सरकारी योजना का आवेदन भरने निकली माताएं फिर वापस लौट कर नहीं आईं। वजह, घर की देहरी तक पहुंचने के लिए करीब दो किलोमीटर का विकट पैदल रास्ता। प्रखंड रिखणीखाल की ग्रामसभा भंगल्वाण में ग्राम भंगल्वाण और ग्राम कांडईधार तोक शामिल हैं।

पूरी ग्राम सभा में करीब साठ परिवार निवास करते हैं, जिसमें चालीस परिवार भंगल्वाण में और 20 परिवार कांडईधार में हैं। शनिवार को हुए हादसे में चालक अनिल को छोड़ अन्य सभी कांडईधार के निवासी थे।

ग्राम भंगल्वाण तक पहुंचने के लिए सतपुली-धारकोट-रिखणीखाल मोटर मार्ग से करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी पैदल तय करनी पड़ती है, जबकि ग्राम कांडईधार के लिए करीब आधा किलोमीटर अतिरिक्त सफर तय करना पड़ता है।

शनिवार को हुए हादसे के बाद कार में सवार सभी तेरह लोगों को रिखणीखाल के स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया, जहां आठ को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। स्वजनों की इच्छा थी कि अपनों के शरीर को घर वापस लेकर जाएं व गांव के पैतृक घाट पर अंतिम संस्कार करें।

लेकिन, विषम भौगोलिक परिस्थितियों के समक्ष उनकी इच्छाएं दम तोड़ गईं। दरअसल, रिखणीखाल से सात महिलाओं के शवों को ग्राम कांडईधार तक ले जाना किसी चुनौती से कम न था। इसके लिए करीब दो किलोमीटर का पगडंडीनुमा मार्ग तय करना पड़ता।

साथ ही गांव से पैतृक घाट तक ले जाने के लिए भी करीब तीन किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती। इस मार्ग पर जहां झाड़ियां उगी हुई हैं, वहीं सात शवों के अंतिम संस्कार के लिए लकड़ियों की व्यवस्था करना भी बड़ी चुनौती थी।

ऐसे में स्वजनों ने हरिद्वार में अंतिम संस्कार करने पर सहमति व्यक्त कर दी। हालांकि, मन में यह टीस अवश्य रहेगी कि अपनों की अंतिम यात्रा घर से नहीं निकल पाई। बताना जरूरी है कि ग्रामीण लंबे समय से ग्रामसभा भंगल्वाण को सड़क से जोड़ने की मांग कर रहे हैं। लेकिन, उनकी सुनने वाला कोई नहीं।

बहते रहे आंसू, नहीं मिला सांत्वना देने वाला

शनिवार को हुए हादसे के बाद रविवार को ग्रामसभा भंगल्वाण में सन्नाटा पसरा हुआ था। ग्रामसभा भंगल्वाण के साथ ही आसपास के गांवों के लोग मृतकों के अंतिम संस्कार को हरिद्वार व कोटद्वार की ओर आ गए।

ग्राम कांडईधार में जिस परिवार की पांच महिलाएं हादसे की शिकार हो गई, वहां आंसू बहा रही महिलाओं को सांत्वना देने वाला तक कोई न था। अन्य परिवारों की भी यही स्थिति थी। ग्राम भंगल्वाण से महिलाएं गांव में आई। लेकिन, पीड़ितों को क्रंदन देख खुद उनके आंसू बहने लगे।

यह भी पढ़ें- पौढ़ी के कोटद्वार में वाहन खाई में गिरने से आठ की मौत व चार घायल, मृतकों और घायलों की सूची आई सामने, मुआवजे का ऐलान

यह भी पढ़ें- कोटद्वार के कंडाधार में हुए हादसे से थर्राया गांव, कई घरों में नहीं जले चूल्हे

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।