उत्तराखंड के पौड़ी में पड़ोसी ने ग्रामीण पर पेट्रोल छिड़क लगाई आग, जिंदा जलाने की कोशिश
पौड़ी के रौली गांव में आपसी विवाद के चलते एक पड़ोसी ने ग्रामीण पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे वह 45% झुलस गया।

सांकेतिक तस्वीर।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, पौड़ी। जनपद के थलीसैंण थाना क्षेत्र स्थित रौली गांव में आपसी विवाद के चलते एक ग्रामीण को पेट्रोल छिड़ककर आग के हवाले कर दिया गया।
घटना में ग्रामीण करीब 45 प्रतिशत झुलस गया, जिसका जिला अस्पताल पौड़ी में उपचार चल रहा है। घटना के बाद आरोपित फरार हो गया। पुलिस ने हत्या के प्रयास की धारा में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रौली गांव निवासी वीरेंद्र सिंह (40) शनिवार शाम अपने घर के ऊपरी कमरे में कुछ लोगों के साथ चाय पी रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी आनंद सिंह वहां पहुंचा और कथित तौर पर वीरेंद्र सिंह पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
आसपास मौजूद लोगों ने पानी और सूखी घास की मदद से किसी तरह आग बुझाई। इसके बाद घायल को 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से जिला अस्पताल पौड़ी पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
थानाध्यक्ष थलीसैंण रविंद्र नेगी ने बताया कि घटनास्थल से आरोपित की जली हुई कमीज और चप्पल बरामद हुई हैं। प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।
पीड़ित की पत्नी की तहरीर पर आरोपित आनंद सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। मामले की जांच एसआई तनवीर अहमद को सौंपी गई है।
