अवैध संबंधों के शक में की गई बिजली के ठेकेदार की हत्या, पिता-पुत्र ने दिया वारदात को अंजाम
बुलंदशहर के सिकंदराबाद में अवैध संबंधों के शक में एक बिजली ठेकेदार की हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
अवैध संबंधों के शक में बिजली ठेकेदार की हत्या।
पिता-पुत्र ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
आरोपित पिता गिरफ्तार, बेटा अभी तक फरार।
जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव शेरपुर-अधैल में पत्नी से अवैध संबंधों के शक में तीन दिन पहले पिता-पुत्र ने बिजली ठेकेदार की हत्या की थी। पुलिस ने आरोपित पिता को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हत्याकांड में प्रयुक्त चुन्नी बरामद की, जबकि आरोपित पुत्र पुलिस की पकड़ से दूर है। वांछित आरोपित की तलाश में पुलिस उसके संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक प्रसाद अजेय ने बताया कि सिकंदराबाद पुलिस ने 13 मई को ग्रामीणों की सूचना पर शेरपुर-अंधैल गांव स्थित श्मशान घाट से एक युवक का शव बरामद किया था, जिसकी पहचान मुजफ्फरनगर के थाना तितावी क्षेत्र के गांव ढौलड़ी निवासी बिजली ठेकेदार रवित पुत्र रमेश के रूप में हुई थी। पुलिस ने बरामद शव पोस्टमार्टम को जिला अस्पताल स्थित मर्चरी भेजा था।
एसएसपी ने बिजली ठेकेदार हत्याकांड का शीघ्र राजफाश के लिए थाना पुलिस के साथ स्वाट टीम को लगाया था। पुलिस जांच में गांव शेरपुर निवासी रवि भाटी पुत्र जतन सिंह और उसके पुत्र निखिल का नाम प्रकाश में आया। शुक्रवार को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर तिल बेगमपुर बम्बे की पटरी से रवि भाटी को गिरफ्तार किया और उसकी निशानदेही पर हत्याकांड में प्रयुक्त आलाकत्ल चुन्नी बरामद की।
पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार आरोपित ने बताया कि रवित व उसका भतीजा अनुज उसके पड़ोस के मकान में रहते थे, उसने अपनी पत्नी को अनुज से कई बार बात करते हुए देख लिया था। 26 जनवरी को उसने अपनी पत्नी को रात में अनुज के कमरे से निकलते हुए देखा था। जिस के बाद उसे शक हो गया कि उसकी पत्नी के अनुज के साथ संबंध है। जिससे पति-पत्नी के बीच विवाद होना शुरू हो गया था।
इसी विवाद के चलते वह अपनी पत्नी को उसके मायके छोड़ आया था, जब उसने पत्नी से वापस आने के लिए कहा तो उसकी पत्नी मायके से नहीं आई। जिससे उसे शक हुआ कि रवित और अनुज उसकी पत्नी से बात करते हैं तथा उसे वापस नहीं आने दे रहे हैं। 12 मई की रात रवित मोबाइल पर बात करते बंबे पर टहल रहा था।गिरफ्तार आरोपित अपने निखिल के साथ रवित के पास पहुंचा और उसे बातों में लगाकर श्मशान घाट के पास आए, जहां गिरफ्तार आरोपित ने रवित का चुन्नी से मुंह दबा दिया और उसके पुत्र निखिल ने सिर पर डंडे से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस अधीक्षक नगर के बताया कि गिरफ्तार आरोपित को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है, जबकि फरार उसके पुत्र की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही हैं। उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
