विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोटद्वारः सड़क हादसे ने छीनी परिवारों की खुशियां, घरों में छाया मातम, बेटी के जन्मदिन पर परिवार सहित घूमने का बना था प्लान

Published: Sun, 22 Nov 2026 09:59 PM (IST)Updated: Sun, 22 Nov 2026 10:02 PM (IST)

कोटद्वार में भुज-खावड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए सड़क हादसे ने सौरभ, नितिन और राजेश के परिवारों में मातम फैला दिया है। खुशी के माहौल में हुई इस दुर्घटना ने कई घरों में गहरे जख्म छोड़े हैं, जहां परिजन अपने प्रियजनों को खोने के गम में डूबे हैं।

News Article Hero Image

HighLights

  1. भुज-खावड़ा राजमार्ग पर भीषण सड़क हादसा हुआ।

  2. सौरभ, नितिन और राजेश के परिवारों में मातम पसरा।

  3. खुशी का माहौल पलभर में गम में बदल गया।

संवाद सहयोगी, जागरण, कोटद्वार। करीब 92-वर्षीय सुरेंद्र सिंह नेगी गुमसुम अपनी चारपाई पर बैठे हैं। न कोई बात और न किसी बात का कोई जवाब। गुमसुम बैठ घर की छत को निहारते हुए शायद ईश्वर से यही सवाल कर रहे कि आखिर ईश्वर ने उन्हें किस बात की सजा दी, जो उम्र के इस पड़ाव में पोते की मौत का समाचार सुनना पड़ा।

बाहर वाले कमरे में उनकी बुजुर्ग पत्नी भी लगातार रोते हुए ईश्वर को कोस रही है। आसपास मौजूद महिलाएं उन्हें सांत्वना देने का प्रयास करती। लेकिन, उनका दर्द देख खुद की आंखे छलक उठती। भुज-खावड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए सड़क हादसे में मारे गए सौरभ के घर पर रविवार को कुछ यही स्थिति थी।

सौरभ ही नहीं, बल्कि नितिन और राजेश के आवासों में भी स्वजन उस घड़ी को कोसते नजर आ रहे थे, जिस घड़ी यह दुर्घटना हुई। दरअसल, सौरभ की पत्नी सविता के प्रसव के चलते उनके माता-पिता करीब तीन माह पूर्व ही भुज गए थे। सब कुछ अच्छा चल रहा था।

सविता ने पुत्री को जन्म दिया और दादा-दादी की गोद में पुत्री सिविका भी तीन माह की हो गई। लेकिन, काल के क्रूर पंजों को शायद यह खुशी बर्दाश्त न हुई। जिस सानू के जन्म दिवस पर घूमने का कार्यक्रम बना, शायद उस चार वर्ष की बेटी को इस बात का तनिक भी अहसास न हो कि उसने क्या खो दिया है?

नितिन के माता-पिता मोटाढाक में निवास करते हैं व कुछ वर्ष पूर्व ही उन्होंने मोटाढाक में अपना आवास बनाया। घटना की जानकारी मिलते ही उनके आवास में लोग पहुंच रहे हैं।

उधर, शनिवार सुबह जब वे नितिन अपने परिवार से विदा लेकर ड्यूटी को निकले, उस वक्त शायद ही उन्हें इस बात का अहसास रहा होगा कि यह उनकी अंतिम विदाई है।

हादसे में उन्होंने अपनी पत्नी व बेटी को खो दिया। उधर, हादसे में राजेश के घर पर भी घटना के बाद से मातम छाया हुआ है। राजेश के छोटे भाई विदेश में सेवारत हैं, जबकि पिता भरत सिंह सेना से सेवानिवृत्त हैं।

इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद नायक सौरभ सिंह नेगी के मूल गांव वल्सा तल्ला, रिखणीखाल, नायक राजेश सिंह रावत के गांव जमरगड्डी, आमसौड़ और नायक नितिन गुसाईं के गांव रीठाखाल से नाते-रिश्तेदार कोटद्वार पहुंच गए हैं।

यह भी पढ़ें- पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार में भालू के हमले से महिला की मौत, गांव में शोक की लहर

यह भी पढ़ें- नाबालिग भतीजी से दुष्कर्म के आरोप में पति गिरफ्तार, कोटद्वार पुलिस ने किया गिरफ्तार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।