विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गंगा म्यूजियम में करें बदरीनाथ से हरिद्वार तक की यात्रा, फाइव-डी थिएटर कराएगा बारिश-बर्फबारी का अहसास

Published: Wed, 04 Nov 2026 02:51 PM (IST)Updated: Wed, 04 Nov 2026 02:53 PM (IST)

श्रीनगर के भक्तियाणा में बन रहा गंगा म्यूजियम बदरीनाथ से हरिद्वार तक गंगा की आध्यात्मिक यात्रा को एक छत के नीचे दिखाएगा।

श्रीनगर के भक्तियाणा में 4.39 करोड़ से बन रहा दो मंजिला म्यूजियम।

श्रीनगर के भक्तियाणा में 4.39 करोड़ से बन रहा दो मंजिला म्यूजियम।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

विनय बहुगुणा, श्रीनगर गढ़वाल। बदरीनाथ से हरिद्वार तक गंगा एवं उसकी सहायक नदियों की आध्यात्मिक यात्रा अब एक ही छत के नीचे की जा सकेगी। यहां श्रद्धालु गंगा की उत्पत्ति से लेकर समुद्र में समाहित होने तक की कहानी जान सकेंगे।

इसके लिए बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर श्रीनगर के भक्तियाणा में गंगा म्यूजियम आकार ले रहा है। यहां आधुनिक डिजिटल तकनीक से बहती नदी का आभासी अनुभव कराने के साथ चारधाम की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से भी परिचित कराया जाएगा। पहाड़ी स्थापत्य शैली में बन रहे दो मंजिला म्यूजियम का निर्माण अंतिम चरण में है।

4.39 करोड़ रुपये की लागत

करीब 4.39 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे म्यूजियम में गंगा एवं उसकी सहायक नदियों के उद्गम स्थल, प्रमुख संगम, धार्मिक मान्यता और ऐतिहासिक महत्व की जानकारी मिलेगी। फोटो, चित्र, साहित्य और डिजिटल लाइब्रेरी के माध्यम से गंगा की पूरी यात्रा को दर्शाया जाएगा।

निचले तल पर नदियों और चारधाम से जुड़ी जानकारी उपलब्ध होगी, जबकि ऊपरी तल पर फाइव-डी थिएटर विकसित किया जाएगा। म्यूजियम के भवन को पारंपरिक पहाड़ी शैली में तैयार किया जा रहा है। इसके मुख्य भाग में खोलीनुमा खंभ आकर्षण का केंद्र होंगे।

बाहरी दीवारों पर उत्तराखंड की लोक संस्कृति से जुड़े चित्र उकेरे जाएंगे। परिसर में आकर्षक प्रकाश व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे रात में भवन की सुंदरता निखर उठेगी।

ग्रामीण निर्माण विभाग, पौड़ी के अधिशासी अभियंता एलपी भट्ट ने बताया कि म्यूजियम के ऊपरी तल पर प्रस्तावित फाइव-डी थिएटर पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण होगा। इसमें फिल्म देखते समय वर्षा, बर्फबारी, हवा के झोंकों और सुगंधित धुयें जैसे प्रभावों की अनुभूति होगी।

दर्शक धार्मिक एवं पारिवारिक फिल्मों के साथ वृत्तचित्र भी देख सकेंगे। विभाग के अनुसार यह गढ़वाल क्षेत्र में फाइव-डी थिएटर की पहली सुविधा होगी। म्यूजियम परिसर में कैफे और पार्किंग की व्यवस्था भी प्रस्तावित है।

2.63 करोड़ की धनराशि का इंतजार

गंगा म्यूजियम को वित्तीय वर्ष 2024-25 में शासन से स्वीकृति मिली थी। इसके निर्माण को 4.39 करोड़ रुपये मंजूर हुए। ग्रामीण निर्माण विभाग ने बीते वर्ष काम शुरू किया था। अब तक 1.75 करोड़ की पहली किस्त जारी हुई है, जिससे भवन का ढांचा और अन्य निर्माण कार्य कराए गए हैं। अब शेष 2.63 करोड़ की धनराशि का इंतजार है।

यह भी पढ़ें- बदरीनाथ धाम में हेलीकॉप्टर हादसे के बाद भी श्रद्धालुओं की आस्था अटल, शनिवार को भी बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु

यह भी पढ़ें- स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने बदरीनाथ धाम की मर्यादा और हेलीकॉप्टर हादसे की जांच पर जोर दिया

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।