Pauri Cloudburst: आपदाग्रस्त सैंजी पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, प्रभावितों को दिया मदद का भरोसा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी जनपद के आपदाग्रस्त क्षेत्र सैंजी का निरीक्षण किया। उन्होंने आपदा प्रभावित ग्रामीणों से मिलकर उनका हालचाल जाना और नुकसान की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने प्रभावितों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया और जिलाधिकारी को राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बुरांसी के आपदा प्रभावितों को राहत राशि के चेक भी दिए।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को जनपद पौड़ी के आपदाग्रस्त क्षेत्र सैंजी पहुंचे। यहां उन्होंने आपदा प्रभावितों से उनका हालचाल पूछा। साथ ही क्षति की जानकारी ली। उन्होंने आपदा प्रभावितों के आंसू पोछे। कहा सरकार हर समय पीड़ित परिवारों के साथ हैं। सीएम धामी ने आपदा प्रभावितों को राहत पहुंचाने में किसी प्रकार की कमी नहीं छोड़ने के डीएम पौड़ी को कड़े निर्देश दिए।
कहा कि वाडिया इंस्टीट्यूट को सर्वे करने के लिए कहा जाएगा। इससे पूर्व उन्होंने हेलीकाप्टर से थलीसैंण तहसील के बांकुड़ा सहित अन्य आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई निरीक्षण किया। गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आपदा प्रभावित उत्तरकाशी से पौड़ी पहुंचे।
यहां उन्होंने आपदा प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर प्रभावितों की सुध ली। सीएम हेलीकाप्टर से भरसार हैलीपैड में उतरने के बाद सड़क मार्ग से आपदा प्रभावित क्षेत्र पहुंचे मुख्यमंत्री ने नौंठा में बुरांसी के आपदा प्रभावित और अन्य ग्रामीणों से मुलाक़ात की। उन्होंने बुरांसी के पांच आपदा प्रभावितों को राहत राशि के चेक वितरित किए। इसके बाद सीएम सैंजी गांव में पैदल ही क्षतिग्रस्त रास्ते से गुजरते हुए आपदा प्रभावित परिवारों के घर जाकर उनसे मुलाकात की। आपदा से हुई क्षति का जायजा लिया।
इस दौरान प्रभावित परिवारों ने मुख्यमंत्री को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। त्वरित गति से राहत कार्य के लिए आभार जताया। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ लोगों ने प्रशासन द्वारा चिन्हित स्थलों पर शरण ली है। मुख्यमंत्री धामी ने आपदा प्रभावित महिलाओं के आंसू पोछते हुए उन्हें ढांढस बंधाया। कहा कि आपदा की इस घड़ी में कोई भी खुद को अकेला न समझे और पूरा राज्य पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने जिलाधिकारी को प्रभावितों के पुनर्वास एवं विस्थापन की कार्रवाई त्वरित गति से अमल में लाए जाने के निर्देश दिए।
कहा कि अतिवृष्टि से हुई क्षति का आंकलन करवाए जाने के साथ-साथ सर्वप्रथम ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर भेजे जाने की कार्रवाई की जाए। कहा कि राहत केंद्रों में बिजली, पानी, शौचालय, दवाई, राशन की पर्याप्त व्यवस्था की जाय। कहा गांव में स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल मेडिकल यूनिट्स नियमित रूप से भ्रमण करें, ताकि बीमार, वृद्धजनों, गर्भवती महिलाओं, बच्चों तथा विशेष रूप से प्रभावित व्यक्तियों को चिकित्सकीय परामर्श और उपचार समय से मिल सके।
कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक दवाइयों, प्राथमिक उपचार किट और चिकित्सकीय स्टाफ की उपलब्धता हर समय सुनिश्चित की जाए। कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि पुनर्वास के लिए एक समिति बनाई जाएगी। बताया कि जिन लोगों के दुकानों, मकानों को क्षति पहुंची है, उनके लिए प्राथमिकता से प्रयास किए जाएंगे। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि क्षेत्र में प्रभावित परिवारों की सूची तैयार कर ली गई है और तथा राहत सामग्री और धनराशि वितरित की जा रही है।
डीएम ने बताया कि हर गांव तक प्रशासन की टीम पहुंच रही है और किसी को भी राहत से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। टूटे, पथरीले रास्ते भी नहीं रोक पाए मुख्यमंत्री के कदम पौड़ी: सीएम को आपदा प्रभावित सैंजी गांव पहुंचने के लिए टूटे, पथरीले रास्ते भी नहीं रोक पाए। जब वह गांव की ओर बढ़े, तो यहां पैदल रास्ते जगह-जगह टूटे थे। इनमें पत्थर भी थे, लेकिन सीएम इसी रास्ते से गांव पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मिले।
इन प्रभावितों को मिली राहत राशि
पौड़ी: आपदा के कारण पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त ग्राम सैंजी 15 परिवारों व भवन स्वामियों प्रभा देवी, नीलम सिंह भंडारी, भगत सिंह भंडारी, पवन सिंह भंडारी, विमला देवी, शाखा देवी, पवेली देवी, विमल सिंह, दीवान सिंह, रविन्द्र सिंह, जसवन्त सिंह, गोपाल सिंह, मनोज सिंह, कृपाल सिंह व हेमराज सिंह को मुख्यमंत्री ने प्रति भवन स्वामी 1 लाख 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
ग्राम बुरांसी में आपदा के कारण जान गवाने वाली आशा देवी पत्नी स्व. प्रेम सिंह के स्वजन अनिल सिंह व शुगम सिंह तथा विमला देवी पत्नी स्व. बलवंत सिंह के स्वजन विक्रम सिंह व दीपक सिंह को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता सीएम ने प्रदान की। इसके अलावा बुरांसी गांव के केशर सिंह के आवासीय भवन पूर्ण रुप से क्षतिग्रस्त होने पर 1 लाख 30 हजार रुपये आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।