उत्तराखंड : श्रीनगर गढ़वाल में ओवरटेक विवाद पर बवाल, पुलिस ने लाठीचार्ज कर स्थिति संभाली
श्रीनगर गढ़वाल में वाहन ओवरटेक करने को लेकर दिल्ली और स्थानीय युवकों के बीच विवाद मारपीट में बदल गया। सूचना ...और पढ़ें
HighLights
वाहन ओवरटेक को लेकर दिल्ली-स्थानीय युवकों में मारपीट।
आक्रोशित भीड़ ने हंगामा किया, पुलिस ने लाठीचार्ज किया।
पुलिस ने सात युवकों को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज किया।
जागरण संवाददाता, श्रीनगर गढ़वाल। वाहन ओवरटेक करने को लेकर उपजा विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। सूचना के बाद श्रीनगर चौकी व कोतवाली श्रीनगर में पहुंचे स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा काटा।
वहीं पुलिस हिरासत में दिल्ली के युवकों के साथ आक्रोशित भीड़ ने हाथापाई कर दी। पुलिस ने भीड़ पर लाठियां भांजकर स्थिति को काबू किया, वहीं मारपीट करने वाले दिल्ली के छह व देहरादून के एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गुरुवार को बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्वीत पुल के समीप ओवरटेक करने को लेकर दिल्ली व स्थानीय युवकों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद हाथापाई तक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि यहां दिल्ली के युवकों ने स्कूटी सवार फरासू के दो युवकों को जमकर पीटा।
इसके बाद युवकों ने इसकी सूचना अपने गांव के अन्य लोगों को दी। भागने के प्रयास में दिल्ली के युवक रुद्रप्रयाग की ओर जाने के बजाय वापस श्रीनगर, ऋषिकेश की ओर लौट आए, लेकिन श्रीनगर एसबीआइ बैंक के समीप स्थानीय युवकों ने उक्त युवकों को रोक लिया। बताया जा रहा है कि यहां भी दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दिल्ली से आए युवकों को हिरासत में लेकर श्रीनगर चौकी पहुंची। इसके बाद चौकी में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। कार्रवाई की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने बाजार चौकी का घेराव किया।
जैसे ही पुलिस मारपीट करने वाले युवकों को कोतवाली ले जाने के लिए चौकी से बाहर लाई तो कुछ लोगों ने उन पर हाथापाई शुरू कर दी।
बीच बचाव करते हुए पुलिस वापस युवकों को चौकी के अंदर ले गई और आक्रोशित स्थानीय लोगों को समझाने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस दोनों स्थानीय युवकों का मेडिकल कराने के लिए अस्पताल ले गई।
उधर, गुस्साए लोग कोतवाली श्रीनगर परिसर में पहुंच गए। कुछ देर बाद जैसे ही पुलिस अभिरक्षा में दिल्ली के युवकों को कोतवाली लाया गया, वैसे ही एक बार फिर आक्रोशित स्थानीय लोग उन पर टूट पड़े।
स्थिति बेकाबू होते देख पुलिस ने आक्रोशित भीड़ पर लाठी भांजकर कोतवाली परिसर से बाहर खदेड़ा। इसके बाद उक्त युवकों को हिरासत में लिया गया।
क्षेत्राधिकारी श्रीनगर अनुज कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली श्रीनगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। प्राथमिक जांच में सामने आया कि विवाद के दौरान बाहरी युवकों ने स्थानीय युवकों के साथ मारपीट की।
पुलिस ने मारपीट में संलिप्त सभी युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। पुलिस ने अजय उबास निवासी-पुरखुर्द, थाना बवाना, दिल्ली, अभिषेक कौशिक, प्रहलादपुर बांगर, थाना शाहबाद डेयरी, दिल्ली, विपिन मंद्रवाल, भानियावाला, थाना डोईवाला, जनपद देहरादून, विशाल वत्स, निठारी, थाना अमन विहार, दिल्ली, आकाश डबास, लाडपुर, थाना कंजावला, दिल्ली, सागर, कंजावला, दिल्ली, मनीष, छोटूराम पार्क, प्रहलादपुर, थाना शाहबाद डेयरी, दिल्ली को गिरफ्तार किया है।
साथ ही घटना में प्रयुक्त दोनों वाहनों को सीज कर दिया है। वहीं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। वहीं पूर्व ग्राम प्रधान फरासू पंकज रावत ने बताया कि जब दिल्ली के युवकों को रोककर गांव के युवकों से मारपीट की वजह पूछी गई तो वह फिर आक्रामक हो गए, उन्होंने बेस बाल के डंडे से हमला कर दिया।
