Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Weekend Rush: नैनीताल-चकराता में सैलानियों की रौनक, बड़ी संख्या में पहुंचे पर्यटक, यातायात व्यवस्था चरमराई

    By Jagran NewsEdited By: Nirmala Bohra
    Updated: Sat, 20 May 2023 02:19 PM (IST)

    Weekend Rush सरोवरनगरी नैनीताल में वीकेंड के लिए सैलानियों का उमड़ना जारी है। नगर का ग्रीष्मकालीन पर्यटन सीजन अब परवान चढ़ने लगा है। अब पर्यटक बड़ी संख्या में यहां आने लगे हैं। शनिवार को पर्यटक वाहन पार्किंग की तलाश करते नजर आए।

    Hero Image
    Weekend Rush: सरोवरनगरी नैनीताल में वीकेंड के लिए सैलानियों का उमड़ना जारी है।

    जासं, नैनीताल : Weekend Rush: सरोवरनगरी नैनीताल में वीकेंड के लिए सैलानियों का उमड़ना जारी है। इसकी शुरुआत शुक्रवार से हुई। नगर की रौनक बढ़ चली है, जबकि पर्यटन वाहनों से आंतरिक मार्गों में यातायात व्यवस्था चरमरा गई। नगर का ग्रीष्मकालीन पर्यटन सीजन अब परवान चढ़ने लगा है। अब पर्यटक बड़ी संख्या में यहां आने लगे हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पर्यटकों के समूह आने से चहल-पहल बढ़ गई है। शनिवार को पर्यटक वाहन पार्किंग की तलाश करते नजर आए। सैलानियों की आमद बढ़ने से नगर की रंगत में निखार नजर आ गया है। जिस कारण होटल, सरकारी व गैर सरकारी गेस्ट हाउसों के अधिकांश कमरे पैक हो गए। पार्किंग के अभाव में मालरोड के कुछ होटलों के कमरे खाली रहे।

    मालरोड में चहलकदमी करने वाले सैलानियों की भीड़

    पर्यटन स्थल स्नोव्यू, हिमालय दर्शन, किलबरी, केव गार्डन, चिड़ियाघर, सरिताताल, वाटर फाल, बाटनिकल गार्डन व हनुमान गढ़ी समेत नगर के सभी पर्यटन स्थल में पूरे दिन सैलानियों की आवाजाही रही। मालरोड में चहलकदमी करने वाले सैलानियों की भीड़ रही।

    नौका विहार करने वाले सैलानियों को तांता

    नैनीझील में भी नौका विहार करने वाले सैलानियों को तांता लगा रहा। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन अध्यक्ष दिग्विजय बिष्ट, पीआरओ रुचिर साह के अनुसार मैदानी भागों के स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू होने के बाद सीजन चरम पर पहुंचा। लिहाजा प्रशासन को यातायात को लेकर अभी से पुख्ता इंतजाम करने होंगे।

    कलेक्ट्रेट मार्ग पर लगा जाम

    वहीं सरोवर नगरी में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट रोड पर बेतरतीब वाहनों के पार्क होने से सुबह एक घंटे जाम लगा। बताया जाता है कि पुलिस की ओर से दोतरफा वाहनों की आवाजाही बंद नहीं करने से यह स्थिति पैदा हुई।

    जाम में स्कूली-कालेज के बच्चे भी फंसे रहे। पुलिस ने आठ बजे बाद नो पार्किंग जोन में पार्क वाहनों पर जैमर भी लगाए लेकिन सुबह नौ बजे बाद ही यातायात सामान्य हो सका। जाम में पुलिस के वाहन भी फंसे रहे।

    वीकेंड पर चकराता में उमड़े पर्यटक

    वीकेंड पर शनिवार को चकराता में पर्यटक उमड़े। जिससे पर्यटन स्थल पर रौनक बढ़ गई। इससे व्यापारियों के चेहरे खिल उठे। पर्यटकों ने विहंगम नजारों को अपने कैमरों में कैद किया।मैदानी राज्यों में पारा चढ़ते ही लोग भीषण गर्मी से निजात पाने के लिए पहाड़ों पर आ रहे हैं। शनिवार देर शाम को छावनी बाजार चकराता में सैलानियों की आमद बढ़ी तो स्थानीय व्यापारियों, होम स्टे और रिसार्ट संचालकों के चेहरे खिल उठे।

    चकराता पहुंचने पर पर्यटकों ने ठंडी हवाओं का आनंद लिया। पर्यटन स्थल सनसेट प्वाइंट पर डूबते सूरज का दीदार किया और वहां पर सेल्फी प्वाइंट पर फोटो खींचे। पर्यटकों की आमद से चकराता व आसपास के क्षेत्रों के होटल, होमस्टे, रिसार्ट 95 प्रतिशत फुल हो गए। पर्यटकों की आमद से बाजार में रौनक देखने को मिली। जिससे यहां का व्यापार भी सुधरा।

    होटल, रेस्तरां, रिसार्ट व्यवसाय से जुड़े राहुल चांदना, विवेक अग्रवाल, अमित जोशी, पंकज कुमार जैन, विकास अग्रवाल, नरेंद्र विक्रम शाह, अनिल बिजलवान, टीकम चौहान, हरचरण सिंह, सुनील जैन, ऋषभ तोमर, रघुवीर चौहान, राजेंद्र चौहान, दिनेश चौहान, जयवीर चौहान आदि का कहना है कि पर्यटकों की आमद से उनका कारोबार बढ़ा है।

    बाजार में लोकल उत्पाद बेचने वाले अशोक कुमार गोयल, दिनेश चांदना, प्रताप चौहान, संजय जैन, राजेंद्र अरोड़ा आदि का कहना है कि पर्यटकों के आने से उनके व्यवसाय पर अनुकूल प्रभाव पड़ा है। अधिकतर पर्यटकों ने चकराता की प्रसिद्ध राजमा, अखरोट, लाल चावल, मंडुवे का आटा, पारंपरिक चक्की में पीसी गई पहाड़ी हल्दी, पहाड़ी लाल मिर्च पाउडर, झंगोरा, गहत की दाल आदि की खरीदारी की।