Weather Update: नैनीताल में भारी बारिश से झील का जलस्तर बढ़ा, मौसम विभाग का यलो अलर्ट जारी
नैनीताल में रविवार को सुबह और दोपहर में बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक मानसून सक्रिय रहने की संभावना जताई है और येलो अलर्ट जारी किया है। बारिश के चलते नैनी झील का जल स्तर 88 फीट तक पहुंच गया है। अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा।

जागरण संवाददाता, नैनीताल। सरोवर नगरी में रविवार सुबह और दोपहर को मौसम का मिजाज बिगड़ा रहा। सुबह को तेज तो दोपहर में हल्की बारिश हुई। आने वाले दिनों में भी मौसम में सुधार आना मुश्किल है।
नगर में सुबह कुछ देर के लिए तेज बारिश हुई। इससे पूर्व बीती रात हल्की मध्यम बारिश होते रही। इधर दोपहर में भी हल्की बारिश हुई। बारिश के चलते नैनी झील का जल स्तर वृद्धि की ओर अग्रसर है, जो 88 फीट पहुंच गया है। इधर मौसम विभाग ने अगले तीन दिन मानसूनी वर्षा जारी रहने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग का ये है पूर्वानुमान
मौसम विभाग देहरादून निदेशक डॉ सीएस तोमर ने बताया फिलहाल यलो अलर्ट जारी रखा गया है। 18 सितम्बर तक मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। इसके बाद ही मौसम में सुधार आने की संभावना रहेगी। जीआईसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अधिकतम तापमान 26 व न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहा। वर्षा छह मिमी हुई।
सरोवर नगरी में सैलानियों की आमद बढ़नी शुरू
सरोवर नगरी में सैलानियों की आमद बढ़नी शुरू हो गई है। जिस कारण रविवार को नगर में खासी रौनक रही। आने वाले दिनों में भी सैलानियों की आमद बढ़ने की उम्मीद पर्यटन कारोबारियों ने जताई है। लगातार वर्षा व आपदा के चलते पर्यटकों की आमद में भारी गिरावट आने से पर्यटन कारोबार चौपट हो चला था। इधर शुक्रवार से सैलानियों की आमद बढ़ने लगी है। जिस कारण नगर में खासी रौनक नजर आई।
पूरे दिन इन जगहों पर सैलानियों की चहल−पहल
स्नो व्यू, हिमालय दर्शन, वॉटरफॉल, केव गार्डन व चिड़ियाघर में पूरे दिन सैलानियों की आवाजाही बनी रही। मालरोड में भी चहल पहल रही। नौका विहार करने वाले सैलानियों में भी बढ़ोतरी रही। नैनीताल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट के अनुसार सैलानियों की आमद बढ़ने लगी है। नवरात्रों से ऑटम सीजन शुरू होने की संभावना है, जो अक्टूबर दूसरे पखवाड़े तक जारी रहेगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।