अल्मोड़ा के सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के कुलपति को वाइस चांसलर आफ द ईयर अवार्ड, दून में सीएम ने दिया सम्मान
अल्मोड़ा के सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरेंद्र सिंह भंडारी को वाइस चांसलर आफ द ईयर अवार्ड दिया गया है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में उन्हें यह अवार्ड दिया। कुलपति प्रो. एनएस भंडारी कैमेस्ट्री के प्रोफेसर हैं।

संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय (Soban Singh Jeena University Almora) के कुलपति प्रो. नरेंद्र सिंह भंडारी (Prof. Narendra Bhandari ) को वाइस चांसलर आफ द ईयर- 2022 अवार्ड से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान हिमालयी क्षेत्र में नव सृजित एसएसजे विवि को स्थापित करने और शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे बेहतर प्रयासों के लिए शिक्षक दिवस पर दिव्य हिमगिरि के पांचवें फेलिसिशन सेरेमनी में प्रदान किया गया।
सीएम ने दिया सम्मान
उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। कुलपति को सम्मान मिलने से प्राध्यापकों, कर्मचारियों व छात्रों ने हर्ष जताया है।
प्रो. नरेंद्र भंडारी के बारे में
कुलपति प्रो. एनएस भंडारी (Prof. Narendra Bhandari ) कैमेस्ट्री के प्रोफेसर हैं। वह पिथौरागढ़ के रहने वाले हैं और पिथौरागढ़ से ही प्राथमिक शिक्षा हासिल की थी। पिथौरागढ़ डिग्री कालेेज से बीएससी करने के बाद आइआइटी दिल्ली से पीएचडी की। पीएचडी करने के दौरान ही 1988 में कुमाऊं विश्वविद्यालय में नियुक्ति मिल गई थी। वह यहीं रसायन विभाग में प्रोफेसर बने और सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय बनने पर 2020 में इसके पहले कुलपति बनाए गए। उनकी नियुक्ति फिलहाल तीन वर्षाें के लिए की गई है।
दीपा को मिला शैलेश मटियानी पुरस्कार, क्षेत्र में खुशी
इधर, प्राथमिक विद्यालय ओडलगांव प्राचीन की प्रधानाध्यापिका दीपा आर्या को उत्कृष्ट शिक्षक पुरस्कार मिलने से क्षेत्र में खुशी की लहर है। शिक्षकों, स्थानीय लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
शिक्षा में किया नवाचार
पूर्व में प्रावि लमगड़ा में कार्यरत प्रधानाध्यापिका रहीं दीपा को शिक्षा में नवाचार को लेकर शैलेश मटियानी पुरस्कार से नवाजा गया है। पांच सितंबर को शिक्षक दिवस पर देहरादून में राज्यपाल गुरमीत सिंह और शिक्षामंत्री डा. धन सिंह रावत ने उन्हें राजकीय उत्कृष्ट शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया। इधर दून से लौटने पर लमगड़ा और भैंसियाछाना के लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षक पति सुंदर आर्या को दिया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।