विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 11, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कोरोना हॉट स्‍पॉट बनभूलपुरा में खाकी की निगरानी में बीस हजार घरों तक पहुंच रही सब्‍जी Nainital News

By Skand ShuklaEdited By:
Published: Sat, 11 Apr 2020 05:43 PM (IST)

बनभूलपुरा इलाके को सील करने के बाद दूसरे दिन भी शांति व्यवस्था बनी रही। पुलिस की निगरानी में घर-घर सब्‍जी की आपूर्ति की जा रही है।

कोरोना हॉट स्‍पॉट बनभूलपुरा में खाकी की निगरानी में बीस हजार घरों तक पहुंच रही सब्‍जी Nainital News
कोरोना हॉट स्‍पॉट बनभूलपुरा में खाकी की निगरानी में बीस हजार घरों तक पहुंच रही सब्‍जी Nainital News

हल्द्वानी, जेएनएन : कोरोना वायरस का हॉट स्‍पॉट बने बनभूलपुरा इलाके को सील करने के बाद दूसरे दिन भी शांति व्यवस्था बनी रही। पुलिस की निगरानी में घर-घर सब्‍जी की आपूर्ति की जा रही है। दवाओं जैसी मुख्‍य जरूरतों के लिए तीस हजार की आबादी के बीच एक मेडिकल स्‍टोर खोलने की अनुमति दी गई है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग, पुलिस की टीमों ने पार्षदों के साथ लाइन नंबर 12 से लेकर 16 तक घर-घर जाकर 500 परिवारों की मेडिकल स्क्रीनिंग करने के साथ ही ट्रेवल हिस्ट्री खंगाली। क्षेत्र के दस कोरोना संक्रमित अस्‍पतालों में भर्ती होकर इलाज करा रहे हैं, जबकि पांच सौ से अधिक लोगों को क्‍वारंटाइन में रखा गया है।

 

24 घंटे अलर्ट मोड पर पुलिस

बनभूलपुरा क्षेत्र को पांच सेक्टर में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था कायम की जा रही है। थानाध्यक्ष के साथ ही सात दरोगाओं को 24 घंटे अलर्ट रखा गया है। पुलिस के 28 जवान व 10 महिला जवान के साथ ही दो कंपनी पीएसी के 150 जवान सुरक्षा डयूटी में लगाए गए हैं। बनभूलपुरा से कालाढूंगी रोड, मुख्य बाजार, बरेली रोड व गौलापार की ओर जाने वाले 50 से अधिक रास्तों को बेरिकेडिंग से बंद किया गया है। डेढ़ लाख से अधिक की आबादी 24 घंटे सुरक्षाकर्मियों की निगरानी में है। लोगों की स्वास्थ्य जांच व सेनिटाइजेशन के लिए 10 टीमें बनाई गई हैं। थानाध्यक्ष सुशील कुमार ने बताया कि जनता जागरूकता दिखा रही है। शनिवार को पांच लाइनों में 500 परिवारों की जांच के दौरान कोई भी कोराना संदिग्ध नहीं मिला है।

पार्षद व वाॅलंटियर को बांटे परिचय पत्र

प्रशासन व पुलिस ने बनभूलपुरा व इंदिरानगर क्षेत्र के सभी 13 पार्षदों व हर पार्षद के दो-दो वॉलंटियर के हिसाब से 26 वॉलंटियर का रिकॉर्ड भी बनाया है। इनको प्रशासन की ओर से शनिवार को परिचय पत्र दिए गए। इसमें इनके नाम, पते के साथ ही परिचय पत्र देने का कारण भी स्पष्ट किया गया है। पार्षद व वालंटियर को लोगों की समस्याओं व शिकायतों से प्रशासन को अवगत कराने के साथ ही इनको दूर करने के लिए कहा गया है।

ड्रोन से की गई निगरानी

पुलिस ने शनिवार की शाम चार बजे से छह बजे तक ड्रोन कैमरे से बनभूलपुरा क्षेत्र की निगरानी की। इस दौरान ड्रोन को बनभूलपुरा की सभी गलियों, रेलवे पटरी के ऊपर से गुजारकर आदेशों का उल्लंघन करने वालों की तलाश की गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि वन विभाग से निगरानी के लिए ड्रोन मांगा गया है।

यह भी पढ़ें : तीन पेटी देसी शराब के साथ महिला तस्‍कर गिरफ्तार, घर के बाहर बेच रही थी शराब

यह भी पढ़ें : भाजपा नेत्री के पति को राशन की कालाबाजारी करते पकड़ा, मुकदमा दर्ज

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।