Uttarakhand Weather Update: पहाड़ों पर बदला मौसम, पिथौरागढ़-बागेश्वर में बारिश, उच्च हिमालय में हिमपात
Uttarakhand Weather update उत्तराखंड में मौसम बदलने लगा है। पिथौरागढ़ के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में आज लगातार दूसरे दिन हिमपात हो रहा है। वहीं निचले इलाकों में बारिश हो रही है। बागेश्वर में भी मौसम बदला हुआ हैं। यहां के हिमालयी गांवाें में बारिश के साथ ओले भी गिरे हैं।

जागरण टीम, हल्द्वानी : Uttarakhand Weather update: पहाड़ों पर मौसम का रंग बदल रहा है। इसके कारण ठंड बढ़ गई है। पिथौरागढ़ में आज फिर से उच्च हिमालयी क्षेत्राें में बर्फ गिरी है। वहीं निचले इलाकों मं बारिश हुई है। वही बागेश्वर में बारिश के साथ ओले गिरे हैं।
दारमा, व्यास की चोटियों पर गिर रही बर्फ
पिथौरागढ़ के उच्च हिमालय की ऊंची चोटियों पंचाचूली, राजरंभा, नंदा देवी, नंदा कोट, बृजगंग सहित मुनस्यारी के निकट स्थित हंसलिंग में काफी नीचे तक हिमपात हो चुका है। मिलम क्षेत्र में बुगडियार तक बर्फबारी हो चुकी है। इसके अलावा मध्य हिमालयी छिपलाकेदार और खलियाटाप के पाश्र्व क्षेत्र में रूढ़खान तक हिमपात हो रहा है। दारमा, व्यास की चोटियों के साथ ही आदि कैलास, कुटी, ओम पर्वत, नावीढांग, लिपुलेख सहित अन्य चोटियों पर भी अभी बर्फ गिर रही है।
मुनस्यारी, धारचूला में बारिश
वहीं मुनस्यारी सहित आसपास के क्षेत्रों में वर्षा होने से तापमान में भारी गिरावट आ चुकी है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में घने बादल छाए हैं। निचले इलाकों में धूप खिली है। धारचूला में हल्की बूंदाबांदी हुई। जिले के अन्य भू भाग में मौसम साफ है और धूप खिली है परंतु उच्च हिमालय में हो रहे हिमपात के चलते ठंडी हवाएं चल रही हैं जिससे तापमान में कमी आई है।
बागेश्वर में ओलावृष्टि, बूंदाबांदी
इधर, बागेश्वर के हिमालयी गांवों में ओलावृष्टि हुई है। जिससे फसलों को नुकसान पहुंचा है। गुरुवार को सुबह से ही यहां घाटी वाले क्षेत्रों में कोहरा छाया हुआ था। दिन चढ़ते ही दस बजे के बाद शीशाखानी, जौलकांडे, लेटी आदि गांवों में हल्की वर्षा शुरू हो गई। कपकोट क्षेत्र के उच्च हिमालयी गांव शामा, कुंवारी, बदियाकोट, खाती, समडर, जांतोली, रिखाड़ी आदि स्थानों पर ओलावृष्टि हुई। जिससे हरी सब्जियों को व्यापक नुकसान पहुंचा है।
पिंडारी में हिमपात की संभावना
ओलावृष्टि के बाद पिंडारी में हिमपात की संभावना बनी हुई है। आसमान में बादल रहने से जिले के गरुड़, कांडा, काफलीगैर, दुग नाकुरी आदि तहसीलों में भी शीतलहर दौड़ गई है। लोगों ने ठंड से बचने के लिए अलावा जलाने शुरू कर दिए गए हैं। जिला आपदा अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि मौसम विभाग ने वर्षा का पूर्वानूमान जारी किया है। ओलावृष्टि से किसानों को हुए नुकसान का राजस्व विभाग आकलन करेगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।