Uttarakhand Tourism: नैनीताल में सैलानियों की आमद बढ़ी, हर ओर रौनक; होटलों में 50% से ज्यादा कमरे बुक
वीकेंड पर नैनीताल में पर्यटकों की भारी भीड़ देखी गई जिससे सरोवर नगरी गुलजार हो गई। दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश से आए सैलानियों ने सुहावने मौसम में मालरोड स्नोव्यू और बॉटनिकल गार्डन जैसे स्थलों का भ्रमण किया। होटलों में 50% से ज्यादा कमरे भरे रहे। नैनी झील का जलस्तर सामान्य है और मौसम भी पर्यटकों के अनुकूल बना रहा।

जागरण संवादाता, नैनीताल। वीकेंड पर शनिवार को सरोवर नगरी सैलानियों की आमद बढ़ने से रौनक रही। सैलानियों ने सुहावने मौसम के साथ नगर की सैर की। दिल्ली एनसीआर समेत उत्तर प्रदेश के सैलानी नगर भ्रमण पर पहुंचे हुए हैं।
मालरोड समेत नगर के मुख्य होटलों के 50 प्रतिशत से अधिक कमरे पैक रहे। नगर में दो हजार से अधिक सैलानी पहुंचे हुए हैं। आठ सौ अधिक पर्यटक वाहनों ने नगर में प्रवेश किया। स्नोव्यू, हिमालय दर्शन, वॉटरफॉल, केव गार्डन, बॉटनिकल गार्डन समेत अन्य पर्यटन स्थलों में रौनक रही।
पूरे दिन सुहावना बना रहा मौसम
मालरोड में भी खूब रौनक देखी गई, जबकि नौका विहार करने वाले सैलानी भी काफी संख्या में नजर आए। नगर का मौसम पूरे दिन सुहावना बना रहा। दिन में कई दिनों के बाद चटक धूप खिली रही।
वर्षा नहीं होने से नगरवासियों ने राहत महसूस की तो सैलानियों ने सुहावने मौसम के साथ नगर के रमणीक पर्यटन स्थलों में खूब मौज मस्ती की। नैनी झील का जलस्तर 81.1 फीट में स्थित है। जीआइसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अधिकतम तापमान 29 व न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।