Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Uttarakhand Panchayat Chunav: 64 सालों में यहां ब्लाक प्रमुख पद पर दो बार ही भाजपा ने चखा जीत का स्वाद, दिलचस्‍प इतिहास

    Updated: Fri, 15 Aug 2025 04:16 PM (IST)

    उत्‍तराखंड के रामनगर में निर्दलीय प्रत्याशी मंजू नेगी ब्लॉक प्रमुख चुनी गईं जिससे भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। 64 सालों में भाजपा केवल दो बार ही यह पद जीत पाई है। कभी मजबूत रही कांग्रेस की स्थिति अब कमजोर हो गई है और वह दौड़ से बाहर हो गई है। मंजू नेगी ब्लॉक प्रमुख बनने वाली चौथी महिला हैं।

    Hero Image
    निर्दलीय प्रत्याशी मंजू नेगी व संजय नेगी की रणनीति के आगे भाजपा को मिली हार। Jagran

    त्रिलोक रावत, रामनगर। भाजपा और कांग्रेस जैसी पार्टी का संगठन होने के बावजूद रामनगर में पहली बार निर्दलीय प्रत्याशी ब्लाक प्रमुख बनी हैं। 64 सालों में भाजपा रामनगर में ब्लाक प्रमुख पद पर दो बार ही जीत का स्वाद चख पाई है। इस बार फिर से भाजपा को निर्दलीय प्रत्याशी मंजू नेगी व उनके पति संजय नेगी की रणनीति के आगे हार मिली है। इसी के साथ मंजू रामनगर की नौवीं ब्लाक प्रमुख बनी हैं। रामनगर विकासखंड की स्थापना वर्ष 1961 में हुई थी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    तब से वर्ष 1983 तक कांग्रेस के आनंद बल्लभ बेलवाल सबसे ज्यादा बार ब्लाक प्रमुख रहे। इसके बाद पूर्व विधायक योगबंर रावत लगातार दो बार ब्लाक प्रमुख रहे। वह 1983 से 1988 व 1988 से 1996 तक प्रमुख की सीट पर काबिज रहे। इसके बाद वर्ष 1996 से वर्ष 2002 तक कांग्रेस की कृष्णा लटवाल ब्लाक प्रमुख बनी थीं। वर्ष 2003 से 2008 तक कांग्रेस के शिवराज रावत ब्लाक प्रमुख बने। 2008 के बाद इस सीट को भाजपा ने कांग्रेस से छीनकर बसंती आर्या को ब्लाक प्रमुख बनाया।

    बसंती आर्या 2013 तक इस सीट पर काबिज रही। भाजपा को यह सीट वर्ष 2014 में गंवानी पड़ी। वर्ष 2014 से सितंबर 2019 तक सीट पर फिर से कांग्रेस के संजय नेगी ब्लाक प्रमुख रहे। 2019 से भाजपा की रेखा रावत ब्लाक प्रमुख बनीं। अब निर्दलीय प्रत्याशी मंजू नेगी ब्लाक प्रमुख बन गई है। पूरा परिदृश्य देखें तो भाजपा इस पंचायत चुनाव में रणनीति बनाने के बजाए शुरू से अंत तक असमंजस की स्थिति में ज्यादा नजर आई।

    भाजपा समय पर न तो कोई रणनीति ही बना पाई और न समय पर प्रत्याशी ही घोषित कर पाई। यही वजह रही कि रामनगर ब्लाक प्रमुख की सीट पर बहुमत नहीं जुटा पाने की वजह से भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। मंजू नेगी चौथी महिला प्रमुख बनीं ब्लाक प्रमुख के पद पर अब तक चार महिलाओं को विकास की कमान मिली है। मंजू चौथी महिला हैं, जो ब्लाक प्रमुख के पर काबिज हुई हैं। वर्ष 1996 में कांग्रेस की कृष्णा लटवाल पहली बार ब्लाक प्रमुख की सीट पर काबिज हुईं। इसके बाद वर्ष 2008 में बसंती आर्या ब्लाक प्रमुख बनीं।

    वर्ष 2019 में रेखा रावत और अब वर्ष 2025 में मंजू नेगी को ब्लाक प्रमुख की सीट मिली है। कभी ब्लाक प्रमुख में मजबूत कांग्रेस आज दौड़ से बाहर ब्लाक प्रमुख चुनाव में जहां भाजपा को हार मिली है, वहीं ब्लाक पर 54 साल तक कब्जा जमाने वाली कांग्रेस की स्थिति भी खराब हो गई।

    कभी कांग्रेस ब्लाक प्रमुख के चुनाव में इतनी मजबूत थी कि भाजपा उसके आगे टिक नहीं पाती थी। लेकिन कांग्रेस की स्थिति ब्लाक प्रमुख चुनाव में पिछले बार से खराब सी हो गई है। पहले वर्ष 2019 और अब 2025 में कांग्रेस बेबस नजर आई। जनाधार नहीं मिलने की वजह ही रही कि कांग्रेस पहले और अब ब्लाक प्रमुख की दौड़ से बाहर हो गई।