उत्तराखंड में फिर बना लोक अदालत में वादों के निपटारे का रिकॉर्ड, किया 35283 वादों का निपटारा
उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में रिकॉर्ड 35283 वादों का निपटारा किया गया। हाईकोर्ट सहित 13 जिलों की अदालतों में खंडपीठ गठित कर यह आयोजन हुआ जिसमें 91.70 करोड़ रुपये से अधिक की समझौता राशि तय की गई। नैनीताल में सभी 1420 वादों का निस्तारण हुआ। इस लोक अदालत ने 99% वादों का निस्तारण कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

जागरण संवाददाता, नैनीताल। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सह कार्यपालक अध्यक्ष व हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी के आदेश के अनुपालन में हाईकोर्ट विधिक सेवा समिति की ओर से हाई कोर्ट सहित राज्य के 13 जिलों की जिला एवं तहसील अदालतों, उपभोक्ता आयोग सहित 146 खंडपीठ गठित कर राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया।
इसमें नियत 35288 वादों में से 35283 वादों का निस्तारण कर रिकॉर्ड बनाया गया और 91 करोड़ 70 लाख से अधिक समझौता राशि दिलाई गई। राष्ट्रीय लोक अदालत में 99 प्रतिशत तक वादों का निस्तारण कर कीर्तिमान स्थापित किया गया है।
शनिवार को 44 वादों का निस्तारण
शनिवार को हाई कोर्ट में जस्टिस आलोक मेहरा व जस्टिस सुभाष उपाध्याय की अलग अलग खंडपीठ ने 44 वादों का निस्तारण कर करीब 3.48 करोड़ समझौता राशि दिलाई।
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव प्रदीप मणि त्रिपाठी के अनुसार अल्मोड़ा में नियत 121 में से 120 वाद निस्तारण कर 53 लाख 28 हजार से अधिक, बागेश्वर में सभी 91 वाद निस्तारण कर 40 लाख 85 हजार, चमोली में नियत सभी 44 वाद निस्तारण कर एक करोड़ 26 लाख से अधिक, चंपावत में सभी 308 का निपटारा कर 3 करोड़ 60 लाख से अधिक, देहरादून में 14446 में से 14445 वाद निस्तारण कर 26 करोड़ से अधिक, हरिद्वार में 3125 में से 3124 वाद निस्तारण कर 12 करोड़ 76 लाख से अधिक, नैनीताल में नियत 1420 में सभी निस्तारण कर दो करोड़ 89 लाख से अधिक, पौड़ी में नियत सभी 1020 वादों का निस्तारण कर एक करोड़ 73 लाख से अधिक, पिथौरागढ़ में नियत 234 में से सभी वाद निस्तारण कर 99 लाख 54 हजार से अधिक, रुद्रप्रयाग में सभी 174 वाद निस्तारण कर 56 लाख 51 हजार से अधिक, टिहरी में 575 में से 574 वाद निस्तारण कर एक करोड़ 91 लाख से अधिक, ऊधमसिंह नगर में नियत 4440 में से एक को छोड़ सभी वाद निस्तारण कर 13 करोड़ 64 लाख से अधिक, उत्तरकाशी में सभी 108 वाद निस्तारण कर एक करोड़ 60 लाख से अधिक जबकि प्री लिटिगेशन के तय 9101 में सभी निस्तारण कर 19 करोड़ 24 लाख से अधिक समझौता राशि तय की गई।
इसके अलावा उपभोक्ता न्यायालय में नियत सभी 37 वाद निस्तारण कर एक करोड़ से अधिक समझौता राशि दिलाई। सदस्य सचिव प्रदीप त्रिपाठी के अनुसार अब तक की राष्ट्रीय लोक अदालत के रिकॉर्ड ध्वस्त हो गए और फिर से राज्य में नया कीर्तिमान स्थापित हुआ है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।