उत्तराखंड में सत्ता की 'शिल्पकार' महिलाएं, हर दल को चाहिए नारीशक्ति का आशीर्वाद
उत्तराखंड में महिलाएं सत्ता की शिल्पकार बन गई हैं, जहां 2022 के विधानसभा चुनाव में 13 में से 9 जिलों में उन्होंने पुरुषों से अधिक मतदान किया।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। अलग राज्य की मांग से जुड़े आंदोलनों में अहम भूमिका निभाने वाली मातृशक्ति उत्तराखंड में सत्ता की शिल्पकार बन चुकी है। पिछले विधानसभा चुनाव के मतदान से जुड़े आंकड़े बताते हैं कि इनके आशीर्वाद के बिना कोई भी दल आगे नहीं बढ़ सकता। नौ जिलों में मतदान के मामले में इन्होंने पुरुषों को पछाड़ दिया था।
उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा और चंपावत जिलों में कुल 34 विधानसभा सीटें हैं। ये सभी पर्वतीय जिले हैं। मैदानी जिलों के मुकाबले यहां मतदान केंद्रों की दूरी ज्यादा होती है। भौगोलिक परिस्थितियों की वजह से हर केंद्र तक गाड़ी की पहुंच भी संभव नहीं रहती है।
बड़ी आबादी को करना पड़ता है पैदल सफर
लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सा लेने के लिए बड़ी आबादी को पैदल सफर करना पड़ता है। दूसरी तरफ, पर्वतीय क्षेत्रों में परिवार के साथ ही खेती और पशुपालन की अहम जिम्मेदारी होने के बावजूद महिलाओं ने मतदान के अधिकार को व्यर्थ नहीं जाने दिया।
व्यस्तता के कारण सार्वजनिक चुनावी चर्चाओं से दूरी बनाने वाली मातृशक्ति ने बूथ पर पहुंचकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। हालांकि, प्रदेश के चार मैदानी जिलों नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, हरिद्वार और देहरादून में वोट देने में पुरुष आगे रहे।
2019 के लोकसभा चुनाव में देश में पहली बार मतदान प्रतिशत के मामले में महिलाएं पुरुषों से आगे रहीं। लोकतंत्र में यह अहम और जरूरी बदलाव था। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के माहौल और सुविधाओं का होना भी इसकी एक वजह है। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने, सरकारी योजनाओं से स्वरोजगार हासिल करने और निजी से लेकर सरकारी क्षेत्र तक उनकी भागीदारी बढ़ी है। आर्थिक तौर पर आत्मनिर्भर होने से उनमें स्वतंत्र राजनीतिक सोच भी विकसित हो गई है। वे जानती हैं कि सरकार की नीतियां कैसे उन्हें व उनके परिवार को प्रभावित कर सकती हैं। किस दल का झुकाव उनके मुद्दों की तरफ है और कौन उनके आर्थिक-सामाजिक विकास के लिए नीति बनाएगा। ये सब वे भली-भांति जानती हैं इसलिए अब वे परिवार या पड़ोसियों के कहने पर नहीं, बल्कि स्वतंत्र सोच के साथ लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सा ले रही हैं। यही वजह है कि विधानसभा चुनाव में भी उनका मतदान प्रतिशत बढ़ रहा है। - डा. सरोज पालीवाल, सहायक प्राध्यापक (समाजशास्त्र), डीएसबी परिसर, नैनीताल
उत्तराखंड की महिलाएं हर क्षेत्र में अग्रणी हैं। ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से सामाजिक-आर्थिक तौर पर आत्मनिर्भर बन रही हैं। महिलाओं के हितों से जुड़ी नीति का निर्धारण सरकार की जिम्मेदारी है। किस फैसले का उनके भविष्य पर क्या असर पड़ेगा, ये समझ विकसित हो चुकी है। यही वजह है कि पंचायत, निकाय, लोकसभा से लेकर विधानसभा चुनाव में मतदान को लेकर उनमें विशेष दिलचस्पी रहती है। - पुष्पा पढालनी, अध्यक्ष एकता स्वयं सहायता समूह
जिलेवार आंकड़ा
- जिला -पुरुष वोटर -महिला वोटर -पुरुषों का मतदान- महिलाओं का मतदान
- उत्तरकाशी -121484 -115062 -78164 -81158
- चमोली -152733 -146309 -85749 -97654
- रुद्रप्रयाग -95732 -97722 -52619 -67213
- टिहरी -272480 -259005 -132260 -163086
- पौड़ी -296316 -283400 -148473 -167327
- पिथौरागढ़ -191696 -191395 -110922 -120114
- बागेश्वर -110381 -107239 -60647 -73266
- अल्मोड़ा -276978 -263582 -131674 -155278
- चंपावत -106151 -97105 -59044 -66652
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में वोटर लिस्ट की गहन जांच करेंगे BLO, 20 नवंबर से चलेगा विशेष अभियान
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में मतदान में नारी शक्ति की भागीदारी पुरुषों से ज्यादा, लेकिन 10 सालों में घटीं महिला वोटर्स