उत्तराखंड में वोटर लिस्ट की गहन जांच करेंगे BLO, 20 नवंबर से चलेगा विशेष अभियान
उत्तराखंड में मतदाता सूची को शुद्ध करने के लिए 20 से 27 नवंबर तक विशेष अभियान चलेगा, जिसमें बीएलओ गहन जांच करेंगे।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
बीएलओ 20 से 27 नवंबर तक मतदाता सूची जांचेंगे।
दोहरी प्रविष्टियां और त्रुटियां अभियान में हटाई जाएंगी।
दावे-आपत्तियां 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दर्ज होंगी।
राज्य ब्यूरो, देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच उत्तराखंड में मतदाता सूची को शुद्ध बनाने के लिए निर्वाचन आयोग विशेष अभियान चलाने जा रहा है। इसके तहत 20 से 27 नवंबर तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने बूथ की मतदाता सूची की गहन जांच करेंगे। इस दौरान एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नामों, अपात्र प्रविष्टियों और मतदाताओं के विवरण में मिली त्रुटियों को चिह्नित कर नियमानुसार दुरुस्त किया जाएगा।
प्रदेश में एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) चल रहा है। इसी कड़ी में अब आयोग अपने स्तर से विशेष अभियान चला रहा है। यह जानकारी देते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बताया कि विशेष अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची में दोहरी प्रविष्टियों और अन्य विसंगतियों को दूर करना है, ताकि आगामी चुनाव में किसी प्रकार की गड़बड़ी की आशंका न रहे।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, हटाने और संशोधन के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकती हैं। इसके लिए नए मतदाता फॉर्म-छह, नाम हटाने के लिए फॉर्म-सात और विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-आठ भर सकते हैं। एक ही व्यक्ति का नाम एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों अथवा एक निर्वाचन क्षेत्र में एक से अधिक बार दर्ज नहीं हो सकता। है।
उन्हाेंने सभी मतदाताओं से अपील की है कि मतदाता अपना नाम, पता, आयु और अन्य विवरण जांच लें। किसी त्रुटि की स्थिति में फार्म-आठ और नाम दर्ज न होने पर फार्म-छह के माध्यम से आवेदन करें।
12 नवंबर को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची जिला निर्वाचन कार्यालय, एसडीएम कार्यालय, तहसील और बीएलओ के पास उपलब्ध है। इसे निर्वाचन आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in और मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट ceo.uk.gov.in पर भी देखा जा सकता है। उन्होंने मतदाताओं से भ्रामक सूचनाओं से बचने और आधिकारिक माध्यमों पर ही भरोसा करने की अपील की।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।