उत्तराखंड के बेतालघाट गोलीकांड में छह आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कर रही है अन्य की तलाश
उत्तराखंड के बेतालघाट में ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान गोलीकांड हुआ जिसमें पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी रामनगर और बिंदुखत्ता से थे। घटना में इस्तेमाल किए गए दो वाहन जब्त किए गए हैं। घायल महेंद्र सिंह बिष्ट का हल्द्वानी के अस्पताल में इलाज चल रहा है। बीस अन्य आरोपियों की तलाश के लिए तीन टीमें बनाई गई हैं।

संवाद सूत्र, जागरण गरमपानी । बेतालघाट में ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान हुए गोलीकांड की घटना में पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। करीब बीस लोगों की तलाश को तीन टीमें गठित की गई है।
थानाध्यक्ष अनीस अहमद के अनुसार जल्द अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी कर ली जाएगी। इधर गोलीबारी की घटना को लेकर विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने गहरी नाराजगी जता आरोपितों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है।
बेतालघाट में हुई गोलीकांड की घटना की गूंज पूरे प्रदेशभर में सुनाई दे रही है। गोलीकांड की चपेट में आकर घायल हुआ छड़ा गांव निवासी महेंद्र सिंह बिष्ट हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में उपचारत है। मामले के तूल पकड़ने के बाद हरकत में आई पुलिस ने भी गोलीकांड में शामिल लोगों की घेराबंदी तेज कर दी है।
पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले छह युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए दीपक सिंह रावत, यश भटनागर, वीरेंद्र आर्या, रविन्द्र कुमार रामनगर जबकि प्रकाश भट्ट व पंकज पपोला खुरियाखत्ता, बिंदुखत्ता निवासी हैं। घटना में प्रयुक्त किए गए दो वाहनों को भी सीज कर दिया गया है।
घटनाक्रम में शामिल करीब बीस आरोपित अभी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश में जुट गई है। थानाध्यक्ष अनीस अहमद के अनुसार फरार आरोपितों की गिरफ्तारी को तीन टीमों का गठन किया गया है। तलाश जारी है। जल्द अन्य को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उधर घटना को लेकर स्थानीय लोगों के साथ ही तमाम क्षेत्रों के लोगों ने गहरा रोष जताया है।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। आरोप लगाया की रामनगर व बिंदुखत्ता से हथियारबंद लोगों का बेतालघाट ब्लॉक मुख्यालय तक पहुंचना पूरी घटना को सुनियोजित ढंग से अंजान देना है। विभिन्न राजनीतिक, गैर-राजनीतिक, व्यापारिक संगठनों से जुड़े लोगों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच के साथ ही आरोपितों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।