Uttarakhand Tourism: सरोवर नगरी नैनीताल में फिर लौटी रौनक, बढ़ी सैलानियों की संख्या
सरोवर नगरी नैनीताल में पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होने लगी है जिससे शहर में रौनक लौट आई है। बारिश और आपदा के कारण पर्यटन व्यवसाय प्रभावित हुआ था लेकिन अब पर्यटकों के आगमन से व्यवसायियों में उम्मीद जगी है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना जताई है जिससे नैनी झील का जल स्तर बढ़ गया है।

जासं, नैनीताल। सरोवर नगरी में सैलानियों की आमद बढ़नी शुरू हो गई है। जिस कारण रविवार को नगर में खासी रौनक रही। आने वाले दिनों में भी सैलानियों की आमद बढ़ने की उम्मीद पर्यटन कारोबारियों ने जताई है।
लगातार वर्षा व आपदा के चलते पर्यटकों की आमद में भारी गिरावट आने से पर्यटन कारोबार चौपट हो चला था। इधर शुक्रवार से सैलानियों की आमद बढ़ने लगी है। जिस कारण नगर में खासी रौनक नजर आई। स्नो व्यू, हिमालय दर्शन, वॉटरफॉल, केव गार्डन व चिड़ियाघर में पूरे दिन सैलानियों की आवाजाही बनी रही। मालरोड में भी चहल पहल रही।
नौका विहार करने वाले सैलानियों में भी बढ़ोतरी रही। नैनीताल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट के अनुसार सैलानियों की आमद बढ़ने लगी है। नवरात्रों से ऑटम सीजन शुरू होने की संभावना है, जो अक्टूबर दूसरे पखवाड़े तक जारी रहेगा।
सरोवर नगरी में सुबह और दोपहर में हुई बारिश
नैनीताल: सरोवर नगरी में रविवार सुबह और दोपहर को मौसम का मिजाज बिगड़ा रहा। सुबह को तेज तो दोपहर में हल्की बारिश हुई। आने वाले दिनों में भी मौसम में सुधार आना मुश्किल है। नगर में सुबह कुछ देर के लिए तेज बारिश हुई। इससे पूर्व बीती रात हल्की मध्यम बारिश होते रही। इधर दोपहर में भी हल्की बारिश हुई।
बारिश के चलते नैनी झील का जल स्तर वृद्धि की ओर अग्रसर है, जो 88 फीट पहुंच गया है। इधर मौसम विभाग ने अगले तीन दिन मानसूनी वर्षा जारी रहने की संभावना जताई है।
मौसम विभाग देहरादून निदेशक डॉ सीएस तोमर ने बताया फिलहाल यलो अलर्ट जारी रखा गया है। 18 सितम्बर तक मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। इसके बाद ही मौसम में सुधार आने की संभावना रहेगी। जीआईसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अधिकतम तापमान 26 व न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहा। वर्षा छः मिमी हुई।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।