बागेश्वर में दिनदहाड़े शनिदेव की मूर्ति चोरी, हिंदू समाज समाज में आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी
पुजारी श्याम सिंह ने बताया कि वह सुबह लगभग साढ़े दस बजे मंदिर पर ही थे। उसके बाद वह अपने कमरे की तरफ चले गए। आने के बाद देखा तो वहां से शनिदेव की मूर्ति गायब है। वह परेशान हो गए।

जागरण संवाददाता, बागेश्वर : चौक बाजार पीपल के पेड़ के नीचे वर्षों से स्थापित शनिदेव की लोहे की मूर्ति दिन दहाड़े गायब हो गई है। घटना के बाद पुलिस के पसीने छूट गए हैं। जिसकी सीसीटीवी जांच भी हो रही है।वहीं हिंदू संगठनों में घटना को लेकर तीव्र आक्रोश है। उन्होंने पुलिस से तत्काल आरोपित को पकड़ने और उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मंगलवार को शनि मंदिर के पुजारी श्याम सिंह ने बताया कि वह सुबह लगभग साढ़े दस बजे मंदिर पर ही थे। उसके बाद वह अपने कमरे की तरफ चले गए। आने के बाद देखा तो वहां से शनिदेव की मूर्ति गायब है। वह परेशान हो गए। वह लगभग ढाई बजे तक लोहे की मूर्ति को खोजते रहे। उन्होंने आसपास के लोगों को घटना का वृतांत सुनाया। लेकिन कोई भी सच मानने को तैयार नहीं था। उसके बाद वहां लोगों का आना शुरू हुआ। थोड़ी ही देर में चौक बाजार में भीड़ लग गई।
शनिदेव की मूर्ति गायब होने की सूचना जंगल की आग की तरफ पूरे नगर में फैल गई। पुलिस ने भी मोर्चा खोल दिया।सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। खबर लिखे जाने तक पुलिस को सफलता हासिल नहीं हो सकी है। हिंदू जागरण मंच के प्रदेश उपाध्यक्ष हरीश सोनी, जिलाध्यक्ष मनीष पांडे, हिंदू युवा वाहिनी के प्रदेश मंत्री रोहित पंत, उपाध्यक्ष गाेविंद पंत आदि ने कहा कि हिंदू समाज आहत है।
यह सुबह लगभग 11 बजे की घटना हो सकती है। लोगों में आक्रोश है और मूर्ति को तत्काल खोजना होगा। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो वह आंदोलन की राह पकड़ेंगे।
भीड़भाड़ वाला क्षेत्र
चौक बाजार काफी भीड़भाड़ वाला क्षेत्र है। यहां फड़ से लेकर कपड़े, बर्तन, चाय, मिठाई, टेलरिंग आदि की दुकानें हैं। यहां से शनिदेव की मुर्ति का एकाएक गायब होना किसी के गले नहीं उतर रहा है। आसपास के लोगों ने बताया कि यहां कुछ बाहर के लोग भी हैं। वह अक्सर हंगामा करते रहते हैं।
एसपी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस जांच में जुटी हुई है। सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। भीड़भाड़ वाला क्षेत्र है। शनिदेव की मूर्ति ले जाने वाला शीघ्र पकड़ा जाएगा। लोग शांति बनाए रखें।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।