कैंची धाम में उमड़ी भीड़, विशेष यातायात प्लान लागू... आज टू व्हीलर बैन
नैनीताल और कैंची धाम में तीन दिवसीय वीकेंड पर पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ने से यातायात व्यवस्था बेकाबू हो गई।
HighLights
वीकेंड पर नैनीताल और कैंची धाम में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी
पुलिस ने यातायात जाम से निपटने के लिए विशेष प्लान लागू किया
कैंची धाम के लिए बाहरी दोपहिया वाहनों पर प्रतिबंध लगाया गया
जागरण संवाददाता, नैनीताल। तीन दिन वीकेंड पर पर्यटकों की भीड़ उमड़ी तो हालात बेकाबू नजर आए। वीकेंड के पहले दो दिन कैंची धाम, नैनीताल वह पहाड़ जाने वाले वाहनों से जाम की स्थिति पैदा होने के बाद पुलिस ने रविवार को सुबह ही विशेष यातायात प्लान लागू कर दिया है।
कैंची धाम के लिए बाहरी दोपहिया वाहनों की एंट्री भी प्रतिबंधित कर दी गई है। वहीं पहाड़ जाने वाले यात्रियों को काठगोदाम से वाया भीमताल भेजा जा रहा है। ज्योलीकोट हाईवे को पूरी तरह वन-वे किया गया है। सुबह ही प्लान लागू होने से फिलहाल नैनीताल शहर में यातायात की स्थिति सामान्य है।
यह भी पढ़ें- कैंची धाम में श्रद्धालुओं पर हमला, मामूली बात पर चले लाठी-डंडे... एक श्रद्धालु का सिर फटा
बता दें कि दो अक्टूबर के बाद तीन दिन विकेट होने के कारण पहाड़ में पर्यटकों का भारी सैलाब उमड़ पड़ा था। कैंची धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और वाहनों के दबाव से लंबा जाम लग गया। जिसका सीधा असर नैनीताल पर भी देखने को मिला। हालांकि शनिवार को पुलिस ने विशेष यातायात प्लान लागू कर एंट्री प्वाइंट पर ही पर्यटक वाहनों को रोक शटल सेवा के माध्यम से शहर भेजा।
सुबह ही विशेष यातायात प्लान लागू
इसके बाद भी हालात बेकाबू नजर आए। इधर दो दिन की फजीहत के बाद रविवार को पुलिस ने सुबह ही विशेष यातायात प्लान लागू कर दिया है। कालाढूंगी और काठगोदाम क्षेत्र से डायवर्जन कर वाहनों को गंतव्य तक भेजा जा रहा है। तल्लीताल कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि कैंची धाम के लिए बाहरी दो पहिया वाहनों को भी काठगोदाम क्षेत्र से आगे प्रतिबंधित किया गया है।
यह भी पढ़ें- कैंची धाम में उमड़ी 'हनुमान अंश' की भीड़, गेट से हाईवे तक खचाखच लोग... तिल रखने तक की जगह नहीं
स्थानीय दो पहिया वाहनों को ही कैंची धाम जाने दिया जा रहा है। बताया कि पहाड़ से वापसी करने वाले वाहनों के दबाव को देखते हुए ज्योलीकोट हाईवे को वन वे किया गया है। केवल नैनीताल आने वाले वाहनों को काठगोदाम से नंबर वन बैंड तक आने दिया जा रहा है।
पहाड़ जाने वाले सभी वाहनों को वाया भीमताल भेजा जा रहा है। साथ ही नैनीताल भवाली रोड को भी वनवे किया गया है। बताया कि हल्द्वानी और एंट्री प्वाइंट पर डायवर्जन प्लान लागू होने से शहर में स्थिति सामान्य है।
