विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सर्दियों में बाघों के बढ़ते हमलों से वन विभाग परेशान, 32 लोगों की गई जान... फरवरी तक हाई अलर्ट

Published: Wed, 25 Nov 2026 11:25 AM (IST)

शीतकाल में बाघों के प्रजनन काल के कारण उनकी आक्रामकता बढ़ जाती है, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं बढ़ जाती हैं। 

फाइल फोटो।

फाइल फोटो।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, रामनगर। सावधान शीतकाल शुरू हो गया है। जंगलों में जाना इन दिनों खतरे से खाली नहीं है। बाघों की आक्रामकता की वजह से हमले की घटनाएं बढ़ जाती हैं। शीतकाल वन विभाग के कर्मचारियों से लेकर अफसरों तक की चिंता बढ़ा देता है।

ऐसे में कार्बेट टाइगर रिजर्व, रामनगर वन प्रभाग व तराई पश्चिमी वन प्रभाग के अफसर, वन कर्मी अभी से सचेत हो गए हैं। तीनों विभागों की ओर से ग्रामीणों से संवाद, पंपलेट, पोस्टर वितरण, मुनादी, गश्त बढ़ाकर जंगलों में प्रवेश न करने की अपील की जा रही है।

32 हमलों की घटनाएं

दरअसल मानव-वन्य जीव संघर्ष के लिहाज से सबसे संवेदनशील समय, यानी शीतकाल की शुरुआत हो चुकी है। क्योंकि नवंबर से फरवरी का महीना बाघों का प्रजनन काल माना जाता है। इस समय बाघों में आक्रामकता का स्तर बढ़ जाता है।

अकेले रामनगर की बात करें, तो वर्ष 2009 से अब तक 46 लोग बाघों के हमले में मारे गए हैं। हमलों के आंकड़े बताते हैं कि 46 में से सर्वाधिक 32 हमलों की घटनाएं नवंबर से फरवरी के बीच शीतकाल में ही हुई हैं।

मानव-वन्य जीव संघर्ष की सबसे अधिक घटनाएं भी कार्बेट टाइगर रिजर्व के जंगल में हुई हैं। वहीं, ग्रामीण भी सबसे ज्यादा शीतकाल में लकड़ी व चारे के लिए जंगल का रुख करते हैं। क्योंकि ठंड से बचने के लिए जलौनी लकड़ी की मांग बढ़ जाती है। अधिकतर होटल-रिसोर्ट भी अपने यहां पर्यटकों के बोन फायर के लिए ग्रामीणों से ही लकड़ी खरीदते हैं।

यह है संवेदनशील व अति संवेदनशील क्षेत्र

  • कार्बेट टाइगर रिजर्व: मोहान, ढिकुली, सुंदरखाल, रिगोंड़ा, आमडंडा खत्ता, सेमलखलिया, सांवल्दे, ढेला।
  • रामनगर वन प्रभाग: टेड़ा, चुकुम, चोपड़ा, अमगढ़ी, डोन परेवा, रामपुर, फतेहपुर, मूसाबंगर, मंगोली, चौसला, घटगढ़, धापला दमुवाढुंगा।
  • तराई पश्चिमी वन प्रभाग: बैलपड़ाव, बेलपोखरा, धमोला, गैबुआ, छोई, क्यारी, पवलगढ़, गुमानपुर, मालधनचौड़, हेमपुर गोशाला, प्रतापपुर।

नवंबर से फरवरी के दौरान प्रजनन काल की वजह से बाघ-गुलदार के हार्मोन का स्तर बढ़ा रहता है। यह स्वभाव से चिड़चिड़े व गुस्सैल होते हैं। ऐसे समय में वह जंगल में मानवीय दखलंदाजी सहन नहीं करते हैं। लोग जंगल में लकड़ी व चारा लेने जाते हैं और प्राकृतिक स्वभाव की वजह से इंसान को जंगल में देखते ही बाघ हमलावर हो जाते हैं। - एजी अंसारी, वन्य जीव विशेषज्ञ, रामनगर

वन विभाग की ओर से जारी दिशा निर्देश

  • घर, खेत व रास्तों के आसपास झाड़ियां, घास साफ रखें।
  • घर, आंगन, पशु बाड़े के पास पर्याप्त रोशनी रखें।
  • सुबह शाम बाहर निकलते समय टार्च का उपयोग करें।
  • जैविक कचरे को निर्धारित व सुरक्षित जगह पर ही डालें।
  • खेतों, बाहरी क्षेत्रों में कार्य समूह में करें।
  • रात में वन क्षेत्रों से सटे मार्गों पर अकेले आवागमन न करें।

बाघ-गुलदार के प्रजनन काल को देखते हुए कार्बेट टाइगर रिजर्व में अलर्ट जारी किया गया है। प्रत्येक रेंज अपने क्षेत्रों में पंपलेट वितरण, सड़क किनारे झाड़ी कटान, संवाद किए जा रहे हैं। जिससे कि बाघ-गुलदार के हमले की घटनाओं को टाला जा सके। लोगों से सतर्कता बरतने की भी अपील की जा रही है। - डा. साकेत बडोला, निदेशक कार्बेट टाइगर रिजर्व, रामनगर

यह भी पढ़ें- बाघ की दहशत: लखीमपुर में खेतों से निकलकर घरों में दस्तक देने लगा टाइगर, अब बछिया को बनाया निवाला

यह भी पढ़ें- Pilibhit Tiger Reserve: अब सिर्फ बाघ नहीं, जंगल के अनछुए रहस्यों से भी रूबरू कराएंगे 'सुपर-15' गाइड; सफारी का अंदाज बदला

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।