बाघ की दहशत: लखीमपुर में खेतों से निकलकर घरों में दस्तक देने लगा टाइगर, अब बछिया को बनाया निवाला
लखीमपुर के अंबेडकर नगर गांव में बाघ की बढ़ती गतिविधियों से ग्रामीणों में दहशत है, अब बाघ खेतों से निकलकर घरों में घुसने लगा है। हाल ही में एक बछिया को मारने और पहले एक व्यक्ति की जान लेने के बाद ग्रामीण खेतों में जाने और रात में बाहर निकलने से डर रहे हैं।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
लखीमपुर के अंबेडकर नगर गांव में बाघ की दहशत।
बाघ ने घर में घुसकर बछिया को बनाया अपना निवाला।
ग्रामीणों में खेतों में जाने और बाहर निकलने का डर।
संवादसूत्र, लखीमपुर। गांव अंबेडकर नगर में बाघ की बढ़ती गतिविधियों से ग्रामीणों की नींद उड़ी हुई है। बाघ खेतों से निकलकर अब आबादी के बीच घरों में भी घुसने लगा है। बुधवार रात करीब 11 बजे गन्ने के खेत से निकला बाघ गुरप्रीत सिंह के घर में घुस गया।
उसने घर के अंदर बनी घारी में बंधी बछिया पर हमला कर उसे मार डाला। बछिया की आवाज सुनकर जागे परिवार के लोगों ने लाठी-डंडे लेकर शोर मचाया और बाघ को गन्ने के खेत में खदेड़ दिया।
परिवार ने रात में ही पलिया रेंज के रेंजर विनय कुमार सिंह को फोन पर घटना की जानकारी दी। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया। डिप्टी रेंजर सूरत सिंह बिष्ट ने बताया कि विभागीय प्रावधानों के अनुसार पशुपालक को मुआवजा दिया जाएगा। बाघ की लोकेशन का पता लगाने के लिए विभागीय टीम ग्रामीणों के साथ काम कर रही है।
खुशीपुर, अंबेडकर नगर का ही मजरा है। कुछ दिन पहले इसी गांव में बाघ ने रोहित पर हमला कर उसकी जान ले ली थी। इसके बावजूद बाघ की गतिविधियों पर अंकुश नहीं लगा है। घर में घुसकर पशु का शिकार किए जाने से ग्रामीणों का भय बढ़ गया है।
यह भी पढ़ें- अब बूथ ही नहीं, जिला और मंडल स्तर पर भी परखी जाएगी वोटर लिस्ट; यूपी में फर्जीवाड़ा रोकने के लिए बनाया मेगा प्लान
लोग खेतों में काम करने और रात में घर से बाहर निकलने से भी डर रहे हैं। ग्रामीणों को आशंका है कि बाघ की बढ़ती चहलकदमी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।