विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Pilibhit Tiger Reserve: अब सिर्फ बाघ नहीं, जंगल के अनछुए रहस्यों से भी रूबरू कराएंगे 'सुपर-15' गाइड; सफारी का अंदाज बदला

Published: Mon, 23 Nov 2026 10:23 PM (IST)

पीलीभीत टाइगर रिजर्व में पर्यटन अनुभव को बेहतर बनाने के लिए 'सुपर-15' विशेष गाइडों की टीम बनाई जा रही है। सैलानी अब सफारी वाहनों पर लगे क्यूआर कोड के जरिए गाइडों के प्रदर्शन पर डिजिटल फीडबैक दे सकेंगे।

पीटीआर के वनक्षेत्र में विचरण करता बाघ। स्रोत: इंटरनेट मीडिया

पीटीआर के वनक्षेत्र में विचरण करता बाघ। स्रोत: इंटरनेट मीडिया

HighLights

  1. सफारी वाहनों पर लगे क्यूआर कोड से सैलानी देंगे डिजिटल फीडबैक, हर तीन माह में होगी समीक्षा

जागरण संवाददाता, पीलीभीत। पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) में पर्यटन सत्र शुरू होने के साथ ही सैलानियों के अनुभव को यादगार और ज्ञानवर्धक बनाने के लिए नवाचार किया जा रहा है। अब जंगल की सैर केवल बाघों के दीदार तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पर्यटकों को तराई के जंगल की रहस्यमयी दुनिया और समृद्ध जैव विविधता से भी रूबरू कराया जाएगा।

इसके लिए पीटीआर में तैनात 95 प्रशिक्षित नेचर गाइडों में से सर्वश्रेष्ठ 15 गाइडों की एक विशेष ब्रिगेड तैयार की जाएगी। ये विशेष गाइड अपनी कार्यशैली और ज्ञान के दम पर आम गाइडों से बिल्कुल अलग नजर आएंगे।

सामान्य तौर पर सफारी के दौरान गाइड पर्यटकों को जंगल के रास्तों व वन्यजीवों की मौजूदगी की बुनियादी जानकारी देते हैं। लेकिन, सुपर-15 में शामिल गाइडों की भूमिका सामान्य गाइडों से अलग होगी।

ये गाइड सैलानियों को जंगल के अनछुए पहलुओं, वनस्पतियों, पारिस्थितिकी तंत्र और वन्यजीवों के व्यवहार से जुड़े रोचक व विज्ञानी तथ्यों की गहराई से जानकारी देंगे। विशिष्ट अतिथियों के आगमन पर इन्हीं गाइडों को प्राथमिकता दी जाएगी।

इसके साथ ही, निर्धारित अतिरिक्त शुल्क चुकाकर आम पर्यटक भी इन विशेषज्ञ गाइडों की सेवाएं ले सकेंगे। सुपर-15 में जगह बनाने के लिए गाइडों को कई पैमानों पर अपनी उपयोगिता साबित करनी होगी।

नई ग्रेडिंग व्यवस्था के तहत सभी सफारी वाहनों पर क्यूआर कोड वाला एक ई-फार्म उपलब्ध कराया जाएगा। सफारी समाप्त होने के बाद सैलानी इस डिजिटल माध्यम से गाइड के व्यवहार, संवाद शैली और जानकारी देने की क्षमता पर अपना फीडबैक दर्ज करेंगे, जो सीधे संबंधित अधिकारी तक पहुंचेगा।

सामाजिक वानिकी डीएफओ की अध्यक्षता में गठित समिति हर तीन माह में गाइडों के कार्यों की समीक्षा करेगी। इस मूल्यांकन में वन एवं वन्यजीवों के प्रति समझ, सफारी का अनुभव, विज्ञानी जानकारी और खुद को निरंतर अपडेट रखने जैसे मानकों को आधार बनाया जाएगा।

पीटीआर डीएफओ मनीष सिंह ने बताया कि पर्यटन अनुभव को बेहतर बनाने के लिए नवाचार के रूप में यह ग्रेडिंग व्यवस्था लागू की जाएगी। त्रैमासिक समीक्षा के परिणामों को आधार बनाते हुए अग्रिम निर्णय लिए जाएंगे।

यह भी पढ़ें- पीलीभीत टाइगर रिजर्व में रोमांच चरम पर, बाघिनों के साथ खेलते दिखे शावकों ने जीता सैलानियों का दिल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।