विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पीलीभीत टाइगर रिजर्व में रोमांच चरम पर, बाघिनों के साथ खेलते दिखे शावकों ने जीता सैलानियों का दिल

Published: Mon, 23 Nov 2026 01:15 PM (IST)

पीलीभीत टाइगर रिजर्व में पर्यटन अपने चरम पर है, जहाँ अब बाघिनें और उनके शावक मुख्य आकर्षण बन गए हैं।

पीटीआर के जंगल में शावकों के साथ विचरण करती दिखी बाघिन।

पीटीआर के जंगल में शावकों के साथ विचरण करती दिखी बाघिन।

HighLights

  1. पीटीआर में बाघिनें और शावक पर्यटन का मुख्य केंद्र।

  2. सैलानी शावकों की अठखेलियां और बाघिनों का व्यवहार पसंद कर रहे।

  3. पीटीआर का पर्यावास बाघों के प्रजनन के लिए सुरक्षित व अनुकूल।

जागरण संवाददाता, पीलीभीत। पीटीआर के जंगल में इन दिनों पर्यटन का रोमांच चरम पर है। अब तक के बीते पर्यटन सत्रों में पीटीआर की मुख्य पहचान यहां के भारी भरकम नर बाघ हुआ करते थे, जिनकी एक झलक पाने के लिए दूर-दराज से सैलानी पहुंचते थे।

हालांकि, बीते सत्र से जंगल का यह रुझान बदलता नजर आ रहा है। अब पीटीआर का प्रमुख आकर्षण यहां की बाघिनें और उनके साथ विचरण करने वाले नन्हें शावक बन गए हैं।

वर्तमान पर्यटन सत्र में जंगल के भीतर कई बाघिनें अपने शावकों के साथ सफारी मार्गों और जलस्रोतों के आसपास लगातार देखी जा रही हैं। शावकों की अठखेलियां और बाघिनों का उनके प्रति सुरक्षात्मक व्यवहार सैलानियों व वाइल्डलाइफ फोटोग्राफरों को भा रहा है।

सफारी के दौरान ऐसे दृश्यों को कैमरे में कैद करने के लिए पर्यटकों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। पीटीआर में बाघों की साइटिंग का ग्राफ लगातार बेहतर बना हुआ है। बीते शुक्रवार को सफारी के दौरान पर्यटकों को अलग-अलग स्थानों पर नौ बाघों के दीदार हुए, जिससे जंगल की सैर करने पहुंचे लोग बेहद उत्साहित नजर आए। साइटिंग का यह सिलसिला वीकेंड पर भी जारी रहा।

शनिवार और रविवार को भी सफारी पर गए पर्यटकों को बाघों के बेहतरीन दीदार हुए। पर्यटन के लिहाज से शुभ संकेत यह है कि बाघों की मौजूदगी किसी एक हिस्से तक सीमित नहीं है। वर्तमान में पीटीआर के दोनों ही जोन में सैलानियों को अच्छी साइटिंग हो रही है।

बाघिन अपने शावकों के साथ कर रही विचरण

इससे सफारी पर आने वाले पर्यटकों को निराश नहीं होना पड़ रहा है। जंगल के दोनों जोन में बाघिनों का अपने शावकों के साथ निश्चिंत होकर विचरण करना इस बात का संकेत है कि पीटीआर का पर्यावास बाघों के प्रजनन और संरक्षण के लिए बेहद सुरक्षित व अनुकूल है।

यही वजह है कि देश-विदेश के वन्यजीव प्रेमियों के बीच पीटीआर की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। डीएफओ मनीष सिंह ने बताया कि पर्यटकों को अच्छा अनुभव प्रदान करने को लेकर हर संभव प्रयास किया जा रहा है। शावकों की सुरक्षा के दृष्टिगत गश्त व निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें- दुधवा सफारी में स्मार्टफोन प्रतिबंध से बाघों की तस्वीरें हुईं दुर्लभ, सोशल मीडिया से गायब हुईं तस्वीरें

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।