Nainital News: भोर्या बैंड में पहाड़ी से गिरे पत्थर, चपेट में आने से बाल-बाल बचा यात्री वाहन
नैनीताल के भोरिया बैंड में पहाड़ी से पत्थर गिरने से एक यात्री वाहन बाल-बाल बचा। अल्मोड़ा-हल्द्वानी राजमार्ग पर हुई इस घटना में चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। लगातार पत्थर गिरने से यात्रियों को जान जोखिम में डालकर यात्रा करनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने पहाड़ी से खतरे को रोकने के लिए ठोस उपाय करने की मांग की है।

जागरण संवाददाता, गरमपानी। अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे पर अतिसंवेदनशील भोर्या बैंड क्षेत्र में खस्ताहाल पहाड़ी से एकाएक गिरे पत्थरों की चपेट में आने से यात्री वाहन बाल-बाल बच गया। चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए समय रहते वाहन रोक लिया और बड़ा हादसा टल गया।
हाईवे पर पत्थर गिरने से दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। यात्री व पर्यटक यहां पर जान जोखिम में डाल आवाजाही करने को मजबूर हैं। अल्मोड़ा-हल्द्वानी हाईवे पर भोर्या बैंड क्षेत्र में खस्ताहाल हो चुकी थुवा की पहाड़ी से आए दिन गिर रहे पत्थर बड़ी अनहोनी की ओर इशारा कर रहे हैं।
बुधवार सुबह बारिश के बाद एकाएक पहाड़ी से पत्थर गिरने शुरू हो गए। पत्थरों की चपेट में आने से अल्मोड़ा से हल्द्वानी की ओर जा रहा यात्री वाहन बाल-बाल बचा। वाहन चालक की सूझबूझ से वाहन सवार यात्रियों की जिंदगी बच गई।
पत्थर गिरने से हाईवे पर आवाजाही भी ठप हो गई। इस दौरान काफी देर तक खतरनाक पहाड़ी के नीचे कई वाहन फंसे रहे। पत्थर गिरने का क्रम थमने के बाद खतरे के बीच दोबारा आवाजाही शुरू हुई।
इधर बड़े-बड़े पत्थरों के दिनभर हाईवे पर पड़े रहने से आवाजाही करने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पत्थरों को हाईवे से नहीं हटाए जाने पर वाहन चालकों ने गहरी नाराजगी जताई।
स्थानीय शिवराज सिंह बिष्ट, मनोज सिंह, विरेन्द्र सिंह, दीवान सिंह, संजय सिंह बिष्ट ने आए दिन दरक रही पहाड़ी से खतरा टालने को ठोस उपाय किए जाने की मांग उठाई है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।