विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सर्दियों में जायके के साथ सेहत का खजाना समेटे है पहाड़ी व्यंजन, मंडुवा-गहत और नींबू सन्ना प्रमुख

Published: Wed, 25 Nov 2026 12:27 PM (IST)Updated: Wed, 25 Nov 2026 12:30 PM (IST)

पहाड़ के पारंपरिक शीतकालीन व्यंजन जायके के साथ सेहत का खजाना हैं, जिनमें मंडुवा, गहत और नींबू सन्ना प्रमुख हैं। अब ये व्यंजन नैनीताल और रामनगर के होटलों में पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय हो रहे हैं, जो उन्हें पहाड़ी स्वाद और गर्माहट प्रदान करते हैं।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

नरेश कुमार, नैनीताल। पहाड़ में हर मौसम की आबोहवा अलग होती है। गर्मियों में ठंडी हवाएं खुशनुमा अहसास कराती है तो सर्दियों का अलग ही अहसास है। पहाड़ों में ठंड सिर्फ गर्म कपड़ाें, अंगीठी की ताप व गुनगुनी धूप सेंकने तक ही सीमित नहीं है। यहां रसोई में भी मौसम के आधार पर बदलाव होता है।

ठंड शुरू होते ही पहाड़ी रसोई में मंडुवा, झंगोरा, गहत, भट्ट, मूली, पालक, मेथी से तैयार अहम व्यंजन बन जाते है तो पहाड़ी मसालों से रसोई महकने लगती है। मौसम के अनुकूल यह पारंपरिक व्यंजन अब शहर के बड़े होटलों में पर्यटकों की भी पसंद बनने लगे है। कई होटल शीतकालीन मेन्यू में इन व्यंजनों को शामिल कर पर्यटकों को पहाड़ी स्वाद के साथ सेहत भी परोस रहे है।

इन शीतकालीन व्यंजनों में छिपा है स्वाद व सेहत

मंडुवा- शहर के होटलों में मडुए की रोटी, बिस्किट, पराठे जैसे व्यंजन बनाकर पर्यटकों को परोसे जा रहे है। मडुए में कैल्शियम, आयरन, फाइबर, अमीनो एसिड होने के साथ ही यह ग्लूटिन फ्री होता है। सर्दियों में इसका सेवन कैल्शियम की पर्याप्त मात्रा के कारण हड्डियों व जोड़ों में दर्द में मददगार, आयरन रक्त की कमी को दूर करने, फाइबर ब्लड शुगर व वजन नियंत्रण में सहायक होता है।

गहत- पहाड़ में गहत की दाल, सूप, पराठे, खिचड़ी शीतकाल का अहम व्यंजन है। गर्म तासीर वाली गहत प्रोटीन, फाइबर, आयरन, कैल्शियम व एंटी ऑक्सीडेंट से भरपूर है। इसके सेवन से अंदरूनी गर्माहट, जोड़ो में दर्द से राहत देने के साथ ही यह गुर्दे की पथरी में बेहतर लाभ देती है।

बिच्छू को पहाड़ों का मल्टी विटामिन कहा जाता है। गर्म तासीर वाले बिच्छू में आयरन, कैल्शियम, पोटेशियम, सल्फर, विटामिन ए व सी पर्याप्त मात्रा में पाया जाता है। इसके सेवन से अंदरूनी गर्माहट, गठिया व सूजन में राहत, खून की कमी पूरी करने व साफ करने में मददगार होता है।

नींबू सन्ना- पहाड़ में शीतकाल के दौरान नीबू सन्ना अहम खाद्य है। बड़े नींबू को दही, भांग के नमक, गुड़, मूली के साथ मिलाकर खाने से स्वाद व गुण दोगुने हो जाते है। इसमें मौजूद विटामिन सी सर्दी, जुकाम, वायरल संक्रमण से बचाव करता है तो खट्टा मीठा स्वाद पाचन एंजाइम सर्दियों के सुस्त पाचन तंत्र को सक्रिय करने में मदद करता है।

नियमित रूप से मेन्यू में शामिल पहाड़ी व्यंजन

नी रिट्रीट के महाप्रबंधक डीएस जीना ने बताया कि शीतकाल में पहाड़ी व्यंजनों को नियमित रूप से पर्यटकों की डायट में शामिल किया गया है। सुबह नाश्ते में उन्हें गहत व मडुए का हलवा, दिन में गहत की दाल व बिच्छू का साग व रात को बिच्छू की सब्जी व मडुए की रोटी व इसके अलावा स्नैक्स में मुनस्यारी की राजमा के कबाब अहम रूप से शामिल किये गए है।

रेडिएशन ग्रुप के चीफ सैफ सुशांत साह ने बताया कि मडुए व गहत का पराठा, झिंगुरे की खीर, भट्ट की चुड़कानी, कुटी दाल सूप, पंजरी के लड्डू को शीतकालीन मेन्यू में शामिल कर पर्यटकों को परोसा जा रहा है।

केएमवीएन जीएम मनीष सिंह ने बताया कि मंडल के सभी आवास गृहों में पर्यटकों को पहाड़ी खाना भी परोसा जाता है। हांलाकि अनिवार्य व नियमित तौर पर नहीं पर्यटकों की मांग पर गहत की दाल, भट्ट की चुड़कानी, कुमाऊनी रायता जैसे व्यंजन परोसे जाते है। होटल आरिफ कैसल्स, स्विस होटल के साथ ही अनुपम व शिवा रेस्टोरेंट में भी पर्यटकों को पहाड़ी जायका परोसा जा रहा है।

भट्ट की दाल व भांग की चटनी भा रही

रामनगरः सर्दी बढ़ने के साथ ही होटल रिसोर्ट में पर्यटकों के मैन्यु में भी बदलाव किया गया है। गर्म तासीर के पहाड़ी व्यंजनों को परोसा जा रहा है। टाइगर कैंप रिसोर्ट के मैनेजर व कार्बेट होटल एंड रिसोर्ट जीएम एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव साह ने बताया कि सर्दी में हर साल पर्यटकों को कुमाऊंनी व्यंजन से अवगत कराया जाता है। जिससे कि पर्यटक यहां के उत्पादों के बारे में परीचित हो सके।

सर्दी आते ही पर्यटकों के लिए मंडुवे की रोटी, गेहूं की रोटी में मंडुवे की स्टपिंग, भट्ट की चुड़कानी, गहत की दाल, मास के बेडु की रोटी, भट व गहत के डुबके के अलावा भांग की चटनी व दोपहर में नीबू सानकर भी पर्यटकों को देते हैं। पर्यटक इस व्यंजन को काफी चाव से खाते हैं। यह व्यंजन गर्माहट देता है। पर्यटकों को भी स्थानीय उत्पाद से अवगत कराया जाता है। इसके अलावा ढिकुली स्थित रेस्टोरेंट में भी कुमाऊंनी व्यंजनों को प्राथमिकता दी जाती है। कई बार पर्यटक रेस्टोरेंट संचालकों से खुद कुमाऊंनी व्यंजन की मांग करते हैं।

क्यारी के वंडरवुड रिसोर्ट के मैनेजर सुंदर सिंह बिष्ट ने बताया कि पर्यटकों की मांग पर ही कुमाऊंनी व्यंजनों को परोसा जाता है। कुछ पर्यटक मांग करते हैं तो उसे मैन्यु में रखा जाता है। एसोसिएशन का प्रयास रहता है कि कुमाऊंनी व्यंजनों को पर्यटकों को अवगत कराया जाए।

यह भी पढ़ें- मंडुवा उत्पादों से उत्तराखंड में खुलेंगे स्टार्टअप के अवसर युवाओं को मिलेगा रोजगार

यह भी पढ़ें- देशभर में बढ़ी अल्मोड़ा के वैज्ञानिकों की मंडुवा किस्म वीएल-400 की मांग, कर्नाटक के बाद अब आंध्र प्रदेश ने भी मांगे बीज

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।