मंडुवा उत्पादों से उत्तराखंड में खुलेंगे स्टार्टअप के अवसर युवाओं को मिलेगा रोजगार
उत्तराखंड में मंडुवा अब युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता का नया जरिया बनेगा। कृषि विभाग आईआईएमआर हैदराबाद के माध्यम ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, जागरण देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में श्रीअन्न यानी मोटे अनाज की प्रमुख फसल मंडुवा अब युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता का नया जरिया बनने जा रही है। राज्य में चल रहे मिलेट मिशन के तहत मंडुवा की खेती का रकबा बढ़ाने के साथ ही मंडुवा के विभिन्न उत्पादों काे स्टार्टअप और स्वरोजगार से जोड़ने की तैयारी भी है।
इस सिलसिले में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मिलेट रिसर्च (आईआईएमआर) हैदराबाद के माध्यम से कृषि विभाग मंडुवा के उत्पाद तैयार करा रहा है। फिर इन्हें युवाओं के बीच ले जाकर उन्हें स्टार्टअप के लिए प्रेरित किया जाएगा, ताकि वे स्वयं का उद्यम स्थापित कर सकें।
राज्य में मंडुवा की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार ने मिलेट मिशन लागू किया है, जो वर्ष 2031 तक चलेगा। इसके तहत मंडुवा के क्षेत्रफल में 70 हजार हेक्टेयर तक की बढ़ोतरी करने का निश्चय किया गया है।
वर्तमान में मंडुवा का क्षेत्रफल 61,332 हेक्टेयर और उत्पादन लगभग 90,273 मीट्रिक टन है। यही नहीं मिशन के तहत मंडुवा की खरीद सहकारिता विभाग के अंतर्गत गठित सहकारी समितियों के माध्यम से कराई जा रही है।
पिछले वर्ष 214 केंद्रों में 53 हजार क्विंटल मंडुवा की खरीद की गई थी। अब मंडुवा के उत्पादों से स्टार्टअप के द्वार खोलने की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं। कृषि विभाग ने इस सिलसिले में आईआईएमआर के साथ करार किया है।
कृषि निदेशक दिनेश कुमार के अनुसार दो माह पहले आईआईएमआर को उत्तराखंड में उत्पादित मंडुवा भेजा गया था। आईआईएमआर ने इससे कचरी, नमकीन, खस्ता समेत पांच उत्पाद तैयार कर परीक्षण के लिए भेजे हैं। उन्होंने कहा कि वह अन्य उत्पाद भी तैयार कर रहा है।
परीक्षण के उपरांत इन्हें युवाओं के बीच ले जाया जाएगा, ताकि वे मंडुवा आधारित उद्यम स्थापित कर स्वरोजगार से जुड़ सकें। उद्यम स्थापना के लिए आगे आने वाले युवाओं को तकनीकी सहयोग और बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में भी कदम उठाए जाएंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।