विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देहरादून में छठ महापर्व: खरना के साथ शुरू हुआ 36 घंटे का निर्जला व्रत, अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य के साथ होगा समापन

Published: Sat, 14 Nov 2026 05:14 PM (IST)

देहरादून में छठ महापर्व के दूसरे दिन व्रतियों ने खरना कर 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू किया। रविवार शाम ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, देहरादून। संतान के सुखी जीवन के लिए सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना का महापर्व छठ के दूसरे दिन व्रतियों ने खरना कर छठी मैया की आराधना की। सूर्यास्त के समय रसियाव खाकर व्रतियों ने 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू कर लिया है।

रविवार को छठ पूजा पर शाम को तकरीबन साढ़े पांच बजे छठ घाटों से अस्ताचल सूर्य को अर्घ्य देकर संतान के सुखी जीवन की कामना की जाएगी। छठ पूजा के लिए विभिन्न घाट सजावट के साथ लाइटों से जगमग हो चुके हैं। वहीं बाजार में सुबह से दोपहर तक खरीदारों की भीड़ उमड़ी रही।

संतान के सुखी जीवन के लिए सूर्यदेव व छठी मैया की आराधना का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार से शुरू हो चुका है। महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को सुबह से ही खरना के लिए लोगों ने तैयारी शुरू कर दी थी। सूर्यास्त के बाद गाय के दूध में गुड़ डालकर साठी के चावल की मिट्टी अथवा पीतल के बर्तन में खीर बनाई।

भोग के लिए मिट्टी व तांबे के बर्तन में ही रोटी बनाई। इसके बाद छठी मैया का आह्वान कर भोग लगाया। प्रसाद ग्रहण करने के बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू किया।

महापर्व के तीसरे दिन रविवार को घाट के किनारे जल में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा जबकि सोमवार को अंतिम दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रत संपन्न कर प्रसाद वितरित किया जाएगा।

बिहारी महासभा व पूर्वा सांस्कृतिक मंच के तहत संचालित घाट

देहरादून में बिहारी महासभा के चार और पूर्वा सांस्कृतिक मंच के 18 घाट संचालित होते हैं। टपकेश्वर, प्रेमनगर, चंद्रबनी, रायपुर, केशरवाला, गुल्लरघाटी, सेलाकुई, हरवंशवाला, रायपुर, मालदेवता, पुलिया नंबर-छह, प्रेमनगर, पथरीबाग, ब्रह्मपुरी छठ पार्क मुख्य हैं।

दोपहर तक बाजार में उमड़ी खरीदारों की भीड़

छठ पूजा की सामग्री खरीदने को दिनभर बाजार में भीड़ उमड़ी रही। सहारनपुर चौक, हनुमान चौक में महिलाओं ने बांस का सूप, डाला, दउरा, गन्ना, सिंघाड़ा, नारियल, हल्दी, गन्ना, पान, हरी अदरक के पत्ते आदि की खरीदारी की। इसके अलावा प्रसाद के लिए दाल, लौकी, कद्दू की भी खूब खरीदारी हुई।

घाटों पर व्यवस्था बनाने को टीम तैयार

बिहारी महासभा के सचिव चंदन कुमार झा ने बताया कि छठ पर्व को लेकर पूरी तैयारी की गई है। कहीं भी किसी को परेशानी ना हो इसके लिए विभिन्न टीम बनाई गई है। घाटों पर साज सज्जा एवं सफाई लाइट की व्यवस्था को अंतिम रूप दिया गया है।

ब्रह्मपुरी सूर्य मंदिर छठ पार्क में रंग रोगन पूरा

ब्रह्मपुरी सूर्य मंदिर छठ पार्क में दोनों नहरों का भी रंग-रोगन एवं सुंदरीकरण किया है। छठ पूजा आयोजन समिति के अध्यक्ष विजय कुमार महतो व सचिव हरि किशोर सिंह के नेतृत्व में समिति के सदस्य आयोजन को सफल बनाने के लिए लगातार जुटे हुए हैं।

सोमवार को हो सार्वजनिक अवकाश, एसएस पांगती बोले पूरब से पहले उत्तराखंड का पर्व

पूर्वा सांस्कृतिक मंच ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से छठ महापर्व पर सोमवार को सार्वजनिक अवकाश की मांग की है। इसका समर्थन करते हुए पूर्व आईएएस एसएस पांगती ने दानवीर कर्ण के समय से छठ पीपल (कर्णप्रयाग) का उदाहरण देते हुए कहा कि यह पूरब से पहले उत्तराखंड का पर्व है, सरकार को चाहिए कि इस उत्तराखंड का पांचवां धाम छठ धाम के तौर पर विकसित करे।

इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, सैनिक कल्याण परिषद् व अर्द्धसैनिक बल परिषद् के पीसी थपलियाल, गंगोत्री मंदिर समिति के निवर्तमान रावल हरीश सेमवाल, भाजपा प्रवक्ता नवीन पिरसाली।

भाजपा प्रवक्ता व पंजाबी मोर्चा उत्तराखंड के अध्यक्ष कुंवर जपेंद्र सिंह, जाट महासभा के महासचिव डॉ. डीएस तोमर, कांग्रेस प्रवक्ता शीश पाल सिंह बिष्ट, पहाड़ी महासभा के संयोजक प्रवीण बिष्ट, कांग्रेस प्रवक्ता आशीष सैनी ने भी मंच की मांग का समर्थन किया।

यह भी पढ़ें- बजरंग दल कार्यकर्ता की गिरफ्तारी: देहरादून में बवाल, एसएसपी ऑफिस पहुंची कार्यकर्ताओं की भीड़... किया हनुमान चालीसा पाठ

यह भी पढ़ें- देहरादून में निरंजनपुर मंडी से आईएसबीटी तक भीषण जाम, हजारों लोग परेशान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।