दिल्ली एनसीआर में बढ़ा प्रदूषण, नैनीताल-रामगढ़-मुक्तेश्वर और कौसानी पर्यटकों से गुलजार
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण से बचने के लिए लोग उत्तराखंड के पहाड़ी पर्यटन स्थलों का रुख कर रहे हैं। नैनीताल, ...और पढ़ें

70 प्रतिशत होम स्टे व निजी काटेजों में सप्ताह से दस दिनों तक पहुंचे सैलानी।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण ब्यूरो, नैनीताल। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सहित आसपास के इलाकों में वातावरण में फैली धुंध व प्रदूषण से मुक्ति पाने के लिए लोग इन दिनों नैनीताल सहित पहाड़ के पर्यटन स्थलों की सैर करने के साथ ही ठिकाना बना रहे हैं।
नैनीताल जिले के रामगढ़, मुक्तेश्वर से धानाचूली तक के करीब 30 से 50 प्रतिशत निजी काटेज, होटल-होम स्टे पर्यटकों से गुलजार हैं। सरोवर नगरी में भी सप्ताहांत पर होटल-गेस्ट हाउसों में अधिकांश पैक हैं। कारोबारियों को उम्मीद के मुताबिक बुकिंग मिल रही है।
पंजाब में पराली की बढ़ती घटनाओं के साथ ही दीपावली में पटाखों की धुंध के बाद से ही मैदानी इलाके प्रदूषण की चपेट में हैं। खासकर दिल्ली एनसीआर, हरियाणा, उत्तर प्रदेश के बड़ी संख्या में पर्यटक इन दिनों पहाड़ की सैर पर हैं जबकि बंगाल, गुजरात व महाराष्ट्र के पर्यटक भी नैनीताल के साथ ही आदि कैलास, कैंची धाम, कौसानी, रानीखेत, अल्मोड़ा के पर्यटन स्थलों में खुशनुमा मौसम का लुत्फ उठा रहे हैं।
नैनीताल के पर्यटन स्थल गुलजार, सड़कों पर लगा जाम
नैनीताल: शनिवार सुबह से ही पर्यटकों की आमद शुरू हो गई थी, जो दोपहर बाद तक जारी रही। शहर के हिमालय दर्शन, टांकी बैंड, स्नोव्यू, बारापत्थर, लवर्स प्वाइंट, केव गार्डन, रोपवे, चिड़ियाघर के साथ ही किलबरी-पंगोट क्षेत्र में पर्यटकों की चहल-पहल बनी हुई है।
पर्यटक वाहनों से शहर की यातायात व्यवस्था पटरी से उतर गई और सड़कों पर जाम लग गया। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के पीआरओ रुचिर साह के अनुसार गुजरात में दीपावली बाद अवकाश, दिल्ली एनसीआर में प्रदूषण की वजह से पर्यटकों की संख्या बढ़ी है।
रुचिर के अनुसार नैनीताल सहित आसपास के इलाकों के 70 प्रतिशत तक होम स्टे पैक हैं, इसमें 25 प्रतिशत से अधिक ऐसे होम स्टे हैं, जो सप्ताह, दस दिन के लिए बुक किए गए हैं। उधर, रामगढ़ के होटल प्रबंधक विक्रम सिंह कुंवर के अनुसार वहां एक दर्जन से अधिक निजी काटेज में दिल्ली एनसीआर के परिवार पहुंचे हैं।
नैनीताल में यहां इतने पहुंचे पर्यटक
- चिड़ियाघर-1398
- बाटनिकल गार्डन-368
- वाटरफाल-877
- केव गार्डन-1063
- रोपवे-सात सौ से अधिक
- पर्यटक वाहनों की एंट्री करीब-तीन हजार
- पर्यटक की संख्या करीब 10 हजार
अल्मोड़ा में 50 प्रतिशत होटल सैलानियों से पैक
अल्मोड़ा में 50 प्रतिशत होटल सैलानियों से पैक हैं, इनमें लंबे समय के लिए रुकने वाले पर्यटक नहीं है। उप निदेशक पर्यटन एनके गौतम ने बताया कि वर्तमान में दिल्ली एनसीआर, गुजरात, पश्चिम बंगाल के पर्यटक पहुंचते हैं। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण वर्मा ने बताया कि अभी अधिक पर्यटक नहीं पहुंच रहे हैं। जिले में करीब 250 होटल हैं।
कौसानी की गुनगुनी धूप सेंक रहे हैं पर्यटक
बागेश्वर : जिले के कौसानी में इन दिनों एनसीआर दिल्ली से आए लगभग 89 पर्यटक होटलों में ठहरे हैं। व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष बबलू नेगी ने बताया कि दीपावली के बाद शहरों के प्रदूषण से बचने के लिए हर वर्ष 60 वर्ष से अधिक उम्र के पर्यटक कौसानी पहुंचते हैं। यहां 10 से 15 दिन तक ठहरते हैं।
कौसानी में बंगाली पर्यटन सीजन भी शुरू हो गया है। उधर पिथौरागढ़ में आदि कैलास के दर्शन को जाने वाले पर्यटकों का लगातार पहुंचना जारी है। मुनस्यारी में 10 से 20 प्रतिशत ही कमरे बुक रहते हैं।
नैनीताल में एक्यूआइ में आया उछाल
नैनीताल: सरोवर नगरी में शनिवार को एक्यूआई लेवल 160 पहुंच गया और पाल्यूटेड मैटर में उछाल आया है। आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान एरीज के वरिष्ठ वायुमंडलीय विज्ञानी डा नरेंद्र सिंह ने बताया कि नगर के पिछले दिनों वातावरण साफ-सुथरा बना हुआ था। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ ) सामान्य स्तर पर बना हुआ था। शनिवार सुबह मैदानी भागों से लगी घाटियों में चली तेज हवाओं के कारण मैदानी भागों का प्रदूषण यहां तक पहुंच गया।
वातावरण में कोहरा और प्रदूषण मिक्स होने से पीएम 10 की मात्रा में वृद्धि हुई है। इसके अलावा पीएम 2.5 भी पिछले दिनों की तुलना में करीब दो गुना 50 से अधिक पहुंच गया। यह प्रदूषण अस्थायी है, जो जल्द छंट भी जायेगा। तेज हवाओं से एक्यूआइ का स्तर घट बढ़ रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।