विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

क्यों 2026 की दीवाली पर कम दिखा प्रदूषण का उछाल, फिर भी हवा रही ज्यादा खतरनाक? रिपोर्ट से समझिए फर्क

Published: Sun, 15 Nov 2026 11:59 AM (IST)

दिल्ली में 2026 की दीवाली पर पटाखों से प्रदूषण की वृद्धि पिछले साल से कम रही, लेकिन कुल हवा की ...और पढ़ें

दिल्ली में प्रदूषण का कहर।

दिल्ली में प्रदूषण का कहर।

HighLights

  1. 2026 में दीवाली से पहले प्रदूषण दोगुना था।

  2. पटाखों से वृद्धि 2025 के मुकाबले 2026 में कम रही।

  3. मौसम और पराली जलाने से स्थिति पहले ही बिगड़ी।

संजीव गुप्ता, नई दिल्ली। दिल्ली में दीवाली के दौरान प्रदूषण की तस्वीर इस बार पिछले साल से अलग रही। वर्ष 2025 में दीवाली के आसपास पटाखों के कारण पीएम 2.5 के स्तर में तेज उछाल दर्ज किया गया था, जबकि 2026 में दीवाली आने से पहले ही राजधानी की हवा ''बहुत खराब'' हो चुकी थी।

वहीं, ऐसे में इस बार पटाखों से प्रदूषण में होने वाली अतिरिक्त वृद्धि पिछले साल के मुकाबले कम दिखाई दी, लेकिन हवा में प्रदूषण का कुल स्तर कहीं ज्यादा रहा। एक तुलनात्मक विश्लेषण में यह तथ्य सामने आया है।

क्लाइमेट ट्रेंडस के विश्लेषण के मुताबिक, 2025 में दीवाली से पहले के सात दिनों में दिल्ली में पीएम 2.5 का औसत स्तर 110.3 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर था।

2026 में कैसा है हाल?

वहीं, 2026 में इसी अवधि का औसत 232.4 माइक्रोग्राम तक पहुंच गया। यानी इस बार दीवाली से पहले ही प्रदूषण का स्तर पिछले साल के मुकाबले दोगुने से अधिक था। दीवाली के दिन 2026 में पीएम 2.5 का औसत 290.1 माइक्रोग्राम दर्ज किया गया, जबकि 2025 में यह 231.2 माइक्रोग्राम था।

इस अध्ययन का एक महत्वपूर्ण निष्कर्ष यह भी है कि दीवाली के दौरान प्रदूषण में हुई अतिरिक्त वृद्धि को देखें तो 2025 में पहले के स्तर के मुकाबले पीएम2.5 में 148 माइक्रोग्राम यानी 134 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई थी।

2026 में यह वृद्धि करीब 58 माइक्रोग्राम यानी 25 प्रतिशत रही। इसका अर्थ यह नहीं है कि इस बार पटाखों का असर नगण्य था, बल्कि दीवाली से पहले ही प्रदूषण का आधार स्तर बहुत ऊंचा था। इसलिए अतिरिक्त बढ़ोतरी का प्रतिशत कम दिखाई दिया।

33 में से 26 केंद्रों पर गंभीर स्तर

दिल्ली के 33 पुराने और लगातार आंकड़े देने वाले वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों के आंकड़ों की तुलना में भी स्थिति चिंताजनक रही। वर्ष 2025 में इनमें से 22 केंद्रों पर पीएम 2.5 का अधिकतम स्तर 250 माइक्रोग्राम से ऊपर पहुंचा था, जबकि 2026 में ऐसे केंद्रों की संख्या बढ़कर 26 हो गई।

इसी तरह 300 माइक्रोग्राम से अधिक पीएम2.5 दर्ज करने वाले केंद्रों की संख्या पिछले साल छह थी, जो इस बार बढ़ कर 16 हो गई।

मौसम और मौसमजनित प्रदूषण ने पहले ही बिगाड़ दी थी स्थिति

विश्लेषण में बताया गया है कि नवंबर में तापमान गिरने, हवा की गति कम होने और वातावरण में प्रदूषकों के फैलने के लिए उपलब्ध ऊंचाई कम होने से प्रदूषण जमीन के नजदीक जमा होने लगता है। पंजाब और हरियाणा में पराली जलाने से उठने वाला धुआं भी क्षेत्रीय प्रदूषण में योगदान करता है। ऐसे समय में पटाखों से निकलने वाले सूक्ष्म कण पहले से प्रदूषित वातावरण में अतिरिक्त बोझ बढ़ाते हैं।

क्लाइमेट ट्रेंड्स की रिसर्च लीड डा पलक बल्यान ने भी मौसम की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उनके मुताबिक, नवंबर में कम तापमान, शांत हवाएं और वातावरण में प्रदूषकों के फैलाव की सीमित क्षमता प्रदूषण को जमीन के करीब रोक देती है। ऐसे में पटाखों से निकलने वाले अतिरिक्त कणों का असर और गंभीर हो जाता है।

प्रदूषण का पैमाना दीवाली 2025 दीवाली 2026
दीवाली से पहले 7 दिन का औसत 110.3 232.4
दीवाली के दिन 231.2 290.1
दीवाली के अगले दिन 258.4 228.6
दोनों दिनों में सर्वाधिक स्तर 258.4 290.1
पहले के स्तर से अधिकतम वृद्धि 148 58
वृद्धि प्रतिशत 134% 25%
2026 में सबसे ज्यादा प्रदूषित पांच निगरानी केंद्र
स्थान पीएम 2.5 का अधिकतम स्तर (माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर)
नार्थ कैंपस 496
बुराड़ी क्रासिंग 471
आईटीओ 464
सोनिया विहार 436
जहांगीरपुरी 401

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।