सिलक्यारा सुरंग से धराली आपदा तक... बड़े संकटों में 'संकटमोचक' बने आईपीएस अर्पण यदुवंशी, अब नैनीताल की कमान
आईपीएस अधिकारी अर्पण यदुवंशी ने नैनीताल के एसएसपी का कार्यभार संभाला है। उन्होंने सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान और धराली आपदा जैसे कई बड़े संकटों में 'संकटमोचक' के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

आईपीएस अधिकारी अर्पण यदुवंशी।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी । वर्ष 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी अर्पण यदुवंशी ने शुक्रवार को नैनीताल जिले के एसएसपी का कार्यभार संभाला। इससे पहले पुलिस सेवा में उन्होंने कई चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।
उत्तरकाशी में सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान का नेतृत्व किया तो एसडीआरएफ सेनानायक रहते धराली आपदा में बड़े स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान संचालित कराया।
अब नैनीताल में उनकी कार्ययोजना का फोकस वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर विवेचना, अपराधियों को सजा दिलाने, संवेदनशील क्षेत्रों में प्रभावी गश्त, जाम से निजात दिलाने और पुलिस-जनसहभागिता बढ़ाने पर रहेगा। आपदा प्रबंधन में उनके अनुभव को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी पहचान मिली है।
सेवाकाल की प्रमुख उपलब्धियां
- एसपी रेलवे (जीआरपी): रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा तथा रेलवे संबंधी अपराधों की रोकथाम की जिम्मेदारी संभाली।
- एसपी उत्तरकाशी: करीब ढाई वर्ष तक जिले में कानून व्यवस्था का संचालन किया। गंगोत्री-यमुनोत्री यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात प्रबंधन कराया।
- सिलक्यारा बचाव अभियान: घटना कमांडर के रूप में विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित कर सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
- सेनानायक एसडीआरएफ: करीब दो वर्ष तक राज्य आपदा प्रतिवादन बल का नेतृत्व किया। प्रयागराज महाकुंभ 2025 में एक माह तक बल की तैनाती और संचालन की जिम्मेदारी संभाली।
- धराली आपदा में बचाव: अगस्त 2025 में आपदा के दौरान 1386 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कराया और 17 हजार लोगों तक भोजन पहुंचाया।
- एसडीआरएफ को आइएसओ प्रमाणन: उनके नेतृत्व में उत्तराखंड एसडीआरएफ को आइएसओ प्रमाणन मिला। उनके कार्यकाल में करीब 1.80 लाख लोगों को आपदा प्रबंधन और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
- अंतरराष्ट्रीय पहचान: ब्रिक्स आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्य समूह में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया। सिलक्यारा बचाव अभियान के अनुभव अंतरराष्ट्रीय मंच पर साझा किए। एनसीजीजी, एलबीएसएनएए और सरदार पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में आपदा प्रबंधन पर व्याख्यान दिए।
प्रधानमंत्री कार्यालय से हो चुके हैं सम्मानित
यदुवंशी को प्रधानमंत्री कार्यालय से प्रशंसा-पत्र, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक 2024, महाकुंभ सेवा पदक 2025, अमेरिकी दूतावास का प्रशंसा पदक, एनडीएमए की प्रशस्ति और पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क सिल्वर सहित कई सम्मान मिल चुके हैं।