नैनीताल के नए एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने संभाली कमान, महिला सुरक्षा पर जीरो टालरेंस... कैंची धाम-हल्द्वानी तक रूट होगा जाम फ्री
नवागत एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने नैनीताल जिले की कमान संभालते ही अपनी प्राथमिकताएं बताईं। उन्होंने फरियादियों को तत्काल न्याय, नशा तस्करों व साइबर अपराधियों पर शिकंजा कसने और महिला सुरक्षा पर जोर दिया।

हल्द्वानी में पत्रकारों से वार्ता करते एसएसपी अर्पण यदुवंशी। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। नए एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने शुक्रवार को नैनीताल जिले की कमान संभाल ली। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने पुलिस बहुउद्देशीय भवन में मीडिया से बातचीत कर अपनी प्राथमिकताएं बताईं।
उन्होंने अधीनस्थों को दो टूक कहा कि थाने-चौकियों में फरियाद लेकर आने वालों को तत्काल न्याय मिले। शिकायतों की अनदेखी करने और पीड़ितों को चक्कर कटवाने वाले पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय होगी।
एसएसपी ने कहा कि नशा तस्करों की सप्लाई चेन तोड़ने के लिए विशेष टीम बनेगी। एएनटीएफ और एसओजी को मजबूत कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। साइबर ठगी और डिजिटल अरेस्ट के मामलों के पर्दाफाश के लिए विशेष टीम गठित होगी।
महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर जीरो टालरेंस रहेगा। हल्द्वानी, नैनीताल और कैंची धाम में यातायात सुधारने के साथ अपराधियों को सजा दिलाने के लिए मजबूत विवेचना और प्रभावी पैरवी पर जोर रहेगा। इस दौरान एसपी सिटी हरबंस सिंह मौजूद रहे।