नैनीताल में गेंदे की खेती का दबदबा, दिल्ली से पंजाब तक फैली सुगंध... करीब दो करोड़ का सालाना टर्नओवर
नैनीताल में गेंदे के फूलों की खेती का दबदबा है, जो कुल फूल उत्पादन का 85% है और दिल्ली से पंजाब तक अपनी सुगंध फैला रहा है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
चयन राजपूत, हल्द्वानी। नैनीताल जिले में फूलों की खेती का दायरा भले ही सीमित हो, लेकिन उत्पादन के मामले में गेंदे के फूलों का दबदबा है। उत्पादित होने वाले कुल फूलों में करीब 85 प्रतिशत हिस्सेदारी अकेले गेंदे की है। जिले में 21.88 हेक्टेयर में गेंदे की खेती से 1643.73 क्विंटल फूलों का उत्पादन हो रहा है।
किसान गेंदे के फूल हल्द्वानी के स्थानीय बाजारों के साथ ही दिल्ली, मेरठ, पंजाब, लखनऊ, गाजियाबाद, सहारनपुर, चंडीगढ़ तक भेजते हैं। जिले के आठ ब्लाकों में चमेली, जरबेरा, गुलाब, रजनीगंधा समेत नौ प्रजातियों के फूलों का उत्पादन किया जा रहा है।
वर्ष 2020-21 में जिले में 42.7 हेक्टेयर भूमि में उत्पादन होता था, जो बढ़कर अब 2024-25 में 54.16 हेक्टेयर क्षेत्रफल में फैल गया है। इससे सालाना 1938.83 क्विंटल फूलों का उत्पादन हो रहा है। वहीं 21.88 हेक्टेयर में गेंदे की खेती से 1643.73 क्विंटल फूलों का उत्पादन हो रहा है। कुल फूल उत्पादन में गेंदे की हिस्सेदारी करीब 84.8 प्रतिशत है।
इसके बाद चमेली के फूलों का स्थान है। 1.70 हेक्टेयर क्षेत्रफल में चमेली की खेती से 129.50 क्विंटल फूलों का उत्पादन हुआ है।
पालीहाउस में खेती करने वाले किसान एक क्विंटल गेंदे समेत अन्य प्रजातियों के फूल 10 हजार रुपये में स्थानीय बाजार के साथ ही अलग-अलग राज्यों को बेचते हैं। इस हिसाब से वर्ष 2024-25 में नैनीताल जिले का सालाना गेंदे के फूल का टर्नओवर देखें तो 1643.73 क्विंटल का एक करोड़ 64 लाख 37 हजार 300 रुपये हो रहा है।
भीमताल ब्लाक में सबसे अधिक फूल उत्पादन
ब्लाकवार आंकड़ों में भीमताल सबसे आगे है। यहां 15.88 हेक्टेयर क्षेत्रफल में फूलों की खेती से 1003.61 क्विंटल फूलों का उत्पादन हुआ है। दूसरे स्थान पर हल्द्वानी ब्लाक है, जहां 5.80 हेक्टेयर में 362.50 क्विंटल फूलों का उत्पादन हुआ है।
जरबेरा, गुलाब और ग्लैडियोलस की भी खेती
जिले में गेंदे के अलावा जरबेरा, कार्नेशन, ग्लैडियोलस, गुलाब, रजनीगंधा, लिलियम और गुलदाउदी जैसे फूलों की भी खेती की जा रही है। जरबेरा का उत्पादन 25.80 लाख, कार्नेशन का 11.65 लाख, ग्लैडियोलस का 14.29 लाख, गुलाब का 46.60 लाख, रजनीगंधा का 29 लाख और लिलियम का 10.98 लाख का उत्पादन हो रहा है।
पिछले आठ साल से पालीहाउस में गेंदे के साथ ही कार्नेशन, जरबेरा आदि फूलों का उत्पादन कर रहा हूं। इससे मेरी आर्थिकी में काफी सुधार है। इससे मैंने अपने बच्चों को निजी स्कूल से लेकर अच्छे कालेज में पढ़ाया है। फूलों की खेती की बदौलत ही बेटी आज विधि की पढ़ाई कर रही है। - नंद किशोर पांडेय, भवाली
तीन साल पहले मैं आनलाइन भी लोगों को फूल बेचता था, लेकिन अब मैं हल्द्वानी के स्थानीय बाजार में ही फूल दे रहा हूं। सीजन में एक किलो गेंदा 200 रुपये प्रति किलो तक बिक जाता है। जबकि आफ सीजन में 40 से 50 रुपये किलो बिक जाता है। - भूपाल बसेरा, गौलापार
जिले में उगने वाले फूलों के आंकड़े
- फूल - कुल क्षेत्रफल (हेक्टेयर) - उत्पादन (क्विंटल)
- गेंदा - 21.88 - 1643.73
- चमेली - 1.70 - 129.50
- गुलदाउदी - 5.54 - 90.00
- गुलाब - 1.26 - 46.60
- रजनीगंधा - 0.18 - 29.00
- जरबेरा - 7.61 - 25.80
- ग्लैडियोलस - 5.96 - 14.29
- कार्नेशन - 3.86 - 11.65
- लिलियम - 6.17 - 10.98
- कुल - 54.16 - 1938.83
यह भी पढ़ें- गेंदे की खेती से बदली किसान अखिलेश माली की किस्मत, 1 लाख फूलों से 50 हजार तक हो रही कमाई
यह भी पढ़ें- गेंदे के फूलों से आय बढ़ाएंगे किसान, अल्मोड़ा में विकसित होंगे तीन 'मैरिगोल्ड विलेज'
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।