गेंदे के फूलों से आय बढ़ाएंगे किसान, अल्मोड़ा में विकसित होंगे तीन 'मैरिगोल्ड विलेज'
अल्मोड़ा में वन्यजीवों से प्रभावित पारंपरिक खेती के विकल्प के रूप में गेंदे की व्यावसायिक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
गेंदे की खेती से किसानों की आय बढ़ाने की पहल।
अल्मोड़ा में तीन मैरीगोल्ड विलेज विकसित किए जाएंगे।
ग्रामीण महिलाओं को फूलों की खेती का प्रशिक्षण मिलेगा।
संतोष बिष्ट, अल्मोड़ा। बंदरों और अन्य वन्यजीवों के आतंक से पहाड़ में पारंपरिक खेती लगातार प्रभावित हो रही है। ऐसे में किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए फूलों की खेती को नया विकल्प बनाने की पहल की गई है। जीबी पंत राष्ट्रीय हिमालयी पर्यावरण संस्थान, कोसी-कटारमल की ओर से जलवायु अनुकूल पुष्प खेती को धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन से जोड़ने की योजना तैयार की गई है।
प्रस्तावित तीन वर्षीय परियोजना का उद्देश्य गेंदा फूल की व्यावसायिक खेती को बढ़ावा देना है। इसके लिए अल्मोड़ा जिले के 13 गांवों को तीन क्लस्टर में शामिल किया गया है। इनमें जागेश्वर (धौलादेवी), चितई-कसारदेवी और कटारमल (हवालबाग) शामिल हैं। प्रत्येक क्लस्टर में एक आदर्श मैरीगोल्ड विलेज विकसित किया जाएगा।

योजना के तहत 30 ग्रामीण महिलाओं को प्रत्यक्ष लाभार्थी बनाया जाएगा, जबकि 500 से अधिक लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से लाभ पहुंचाने का लक्ष्य है। महिलाओं को फूल उत्पादन, पौधशाला प्रबंधन, जैविक खेती, कटाई के बाद फूलों के रखरखाव, मूल्य संवर्धन और उद्यमिता का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
खास बात यह है कि गेंदा उत्पादन को जागेश्वर, चितई और कसारदेवी जैसे प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की मांग से जोड़ा जाएगा। इससे मंदिरों में फूलों की नियमित आपूर्ति स्थानीय स्तर पर ही हो सकेगी और किसानों को बाजार के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। परियोजना में सामुदायिक पौधशालाओं और कम लागत वाली वैज्ञानिक तकनीकों को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
संस्थान के प्रधान अन्वेषक डॉ. ललित गिरी के नेतृत्व में चयनित गांवों में गेंदा की उपयुक्त किस्मों और वैज्ञानिक उत्पादन तकनीकों का प्रदर्शन एवं परीक्षण किया जाएगा।
कम लागत वाली तकनीकों से बढ़ाएंगे उत्पादन
संस्थान के निदेशक डॉ. आईडी भट्ट ने बताया कि परियोजना में जलवायु अनुकूल किस्मों, कम लागत वाली सामुदायिक पौधशालाओं, जैविक उर्वरकों, चीड़ की पत्तियों से मल्चिंग, जल कुशल सिंचाई और एकीकृत कीट एवं पोषक तत्व प्रबंधन को बढ़ावा दिया जाएगा। वहीं माउंटेन एसोसिएशन ऑफ नियो इंटीग्रेटेड इन सेंट्रल हिमालय (मंच) ग्रामीणों को संगठित करने, प्रशिक्षण और बाजार संपर्क स्थापित करने में सहयोगी संस्था के रूप में कार्य करेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।