विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अल्मोड़ा में पंचघटिया नदी के दोनों छोरों से 50 मिनट तक बरसे पत्थर, गोवर्धन पूजा पर जीवंत हुई सदियों पुरानी परंपरा

Published: Wed, 11 Nov 2026 06:00 AM (IST)

अल्मोड़ा के विजयपुर पाटिया में गोवर्धन पूजा पर सदियों पुरानी बग्वाल परंपरा जीवंत हुई, जहां पंचघटिया नदी के दोनों ओर से 50 मिनट तक पत्थर बरसे।

बग्वाल मेले में एक दूसरे पर पत्थरों की बौछार करते बग्वाली वीर और बग्वाल मेला देखने के लिए पहुंचे स्थानीय लोग

बग्वाल मेले में एक दूसरे पर पत्थरों की बौछार करते बग्वाली वीर और बग्वाल मेला देखने के लिए पहुंचे स्थानीय लोग

HighLights

  1. अल्मोड़ा में गोवर्धन पूजा पर बग्वाल परंपरा का आयोजन।

  2. पंचघटिया नदी के दोनों ओर 50 मिनट तक पत्थरबाजी हुई।

  3. पाषाण युद्ध में 12 वीर घायल, कसून-कोट्यूड़ा विजयी।

संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा। ढोल-नगाड़ों की गूंज और पंचघटिया नदी के दोनों छोर से बरसते पत्थर, हवालबाग और ताकुला ब्लाक की सीमा पर स्थित विजयपुर पाटिया में मंगलवार को सदियों पुरानी बग्वाल की परंपरा एक बार फिर जीवंत हो उठी।

बग्वाल में पंचघटिया नदी के एक तरफ कसून-कोट्यूड़ा व दूसरी तरफ पाटिया-भटगांव के वीर शामिल हुए। रणबांकुरों के बीच करीब 50 मिनट तक चले पाषाण युद्ध में 12 वीर घायल हो गए। कसून-कोट्यूड़ा खेमे ने जीत का परचम लहराया।
कत्यूरी राजवंश की स्यूनराकोट पट्टी की ऐतिहासिक पाटिया रियासत में गोवर्धन पूजा के अवसर पर आयोजित बग्वाल में कोट्यूड़ा-कसून, पाटिया और भटगांव के 80 से अधिक वीरों ने हिस्सा लिया।

82033355

परंपरा के अनुसार युद्ध से पहले पाटिया के रणबांकुरों ने उस खेत में गोवंश का पूजन किया, जहां मान्यता के अनुसार 12वीं सदी में पूर्वजों ने शत्रु सेना से गायों की रक्षा की थी। इसके बाद वरिष्ठ ग्रामीणों की अगुआई में बग्वाली वीर ढोल-नगाड़ों की धुन के बीच पंचघटिया (भेटुली) नदी के तट पर पहुंचे।

नदी के दोनों ओर दो-दो गांवों के वीरों ने मोर्चा संभाला। देखते ही देखते पत्थरों की बौछार शुरू हो गई। करीब 50 मिनट तक दोनों पक्षों के वीर एक-दूसरे पर पत्थर बरसाते रहे। कोट्यूड़ा के रवि सिंह बिष्ट ने सबसे पहले नदी का जल ग्रहण किया।

इसके साथ ही युद्ध समाप्ति की घोषणा हुई और कोट्यूड़ा गांव को विजेता घोषित किया गया। यहां बीडीसी प्रतिनिधि सोहन कुमार, ललित प्रसाद, जीवन लाल, बंशीलाल, संजय कुमार, देवेंद्र सिंह बिष्ट, भुवन चंद्र आर्या, विनोद सिंह समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- दीपावली के बाद अल्मोड़ा में बढ़ा कूड़े का बोझ, नगर निगम पर 40 वार्डों में 16 टन कचरा हटाने की चुनौती

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।