दीपावली के बाद अल्मोड़ा में बढ़ा कूड़े का बोझ, नगर निगम पर 40 वार्डों में 16 टन कचरा हटाने की चुनौती
दीपावली के बाद अल्मोड़ा में कूड़े की मात्रा सामान्य से तीन टन बढ़कर 16 टन हो गई, जिससे नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है।

एआई जनरेटेड तस्वीर।
HighLights
दीपावली पर अल्मोड़ा में 3 टन अतिरिक्त कूड़ा निकला।
सामान्य 13 टन से बढ़कर 16 टन तक पहुंचा कूड़ा।
नगर निगम ने विशेष सफाई अभियान चलाया, चूना छिड़का।
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा। दीपावली पर घरों की साफ-सफाई और आतिशबाजी के बाद नगर में कूड़े की मात्रा बढ़ गई। सामान्य दिनों में प्रतिदिन करीब 13 टन कूड़ा उठाया जाता है, जबकि त्योहार के दौरान यह आंकड़ा 16 टन तक पहुंच गया। अतिरिक्त कचरे से नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर दबाव बढ़ा।
दीपावली से पहले लोगों ने घरों और प्रतिष्ठानों की साफ-सफाई की। इस दौरान बड़ी मात्रा में पुराने और अनुपयोगी सामान के साथ घरेलू कचरा बाहर निकाला गया। वहीं, पर्व के दौरान हुई आतिशबाजी के बाद सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर पटाखों के अवशेष भी जमा हो गए। इससे शहर में कूड़े की मात्रा सामान्य दिनों के मुकाबले बढ़ गई।
सोमवार को नगर निगम की पर्यावरण मित्रों की टीमों ने सुबह से ही विशेष सफाई अभियान चलाया। इसके तहत नगर के सभी 40 वार्डों के साथ माल रोड पर भी सफाई की गई। पर्यावरण मित्रों ने सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और अन्य स्थानों से कूड़ा एकत्र किया। सफाई के बाद कई स्थानों पर चूना पाउडर का छिड़काव भी किया गया। हालांकि, सामान्य दिनों की तुलना में तीन टन अतिरिक्त कूड़ा निकलने से इसके संग्रहण और निस्तारण की चुनौती भी बढ़ गई है।
अल्मोड़ा नगर निगम के नगर सहायक आयुक्त लक्ष्मण सिंह भंडारी ने बताया कि दीपावली पर्व पर नगर में लगातार सफाई अभियान चलाया जा रहा है। सामान्य दिनों में करीब 13 टन कूड़ा एकत्र होता है, जबकि त्योहार के दौरान इसकी मात्रा बढ़कर 16 टन तक पहुंच गई है। नगर निगम की टीमें सभी वार्डों में सफाई व्यवस्था बनाए रखने में जुटी हैं।