विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मॉक ड्रिल: कैंचीधाम में भगदड़... जमरानी की सुरंग में हादसा, नैनीताल में 14 जगहों पर परखी तैयारियां

Published: Sun, 29 Nov 2026 07:51 AM (IST)Updated: Sun, 29 Nov 2026 07:58 AM (IST)

नैनीताल जिले में आपदा प्रबंधन दिवस पर 14 स्थानों पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इसमें भगदड़, सुरंग हादसा, रासायनिक रिसाव और भूकंप जैसी स्थितियों में राहत-बचाव की तैयारियों को परखा गया।

मॉक ड्रिल में परखी तैयारियां। जागरण

मॉक ड्रिल में परखी तैयारियां। जागरण

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। कहीं भगदड़ की स्थिति बनी तो कहीं सुरंग में चट्टान टूटने और जलभराव से लोग फंस गए। अस्पताल में आग और माल में भूकंप के झटकों से अफरा-तफरी का माहौल तैयार किया गया।

शनिवार को नैनीताल जिले के 14 स्थानों पर आपदा से निपटने की तैयारियां परखने के लिए मॉक ड्रिल हुई। इसमें राहत एवं बचाव दलों की तत्परता, विभागों के बीच तालमेल और रिस्पांस टाइम की जांच की गई।

भीड़ नियंत्रण और बचाव का अभ्यास

आपदा प्रबंधन दिवस पर हुए अभ्यास में पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, स्वास्थ्य, अग्निशमन, राजस्व, लोक निर्माण, विद्युत, परिवहन और नगर निकायों की टीमों ने भाग लिया। संबंधित उपजिलाधिकारियों और तहसील स्तरीय इंसिडेंट रिस्पांस सिस्टम की टीमों के नेतृत्व में अभियान चलाए गए। कैंचीधाम मंदिर परिसर में भगदड़ के दौरान भीड़ नियंत्रण और बचाव का अभ्यास किया गया। जमरानी बांध स्थल की सुरंग में चट्टान टूटने और जलभराव से लोगों के फंसने की स्थिति बनाई गई।

लालकुआं की पेपर मिल में रासायनिक पदार्थ का रिसाव और हल्द्वानी के वाक-वे माल में भूकंप के बाद अफरा-तफरी तथा अग्निकांड की स्थिति में बचाव अभियान चलाया गया। बीडी पांडे जिला चिकित्सालय नैनीताल में भूकंप के झटकों और रामदत्त जोशी जिला चिकित्सालय रामनगर में शार्ट सर्किट से आग लगने की स्थिति तैयार की गई।

राजकीय इंटर कालेज कालाढूंगी, कसियालेख, गरगड़ी, खैरना, नथुवाखान, भवाली, पीएमश्री राजकीय इंटर कालेज रामनगर और एचएन इंटर कालेज हल्द्वानी में भी भूकंप के बाद की परिस्थितियों का अभ्यास हुआ। घायलों को सुरक्षित निकालने, प्राथमिक उपचार देने, अस्पताल पहुंचाने, जरूरी संसाधनों की उपलब्धता और विभागों के समन्वय को परखा गया। सभी स्थानों के अभियानों की मोबाइल लाइव स्ट्रीमिंग से निगरानी की गई।

रिस्पांस टाइम और बेहतर करने के निर्देश

माक ड्रिल के बाद हुई समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल ने कहा कि कोई भी व्यवस्था पूरी तरह परिपूर्ण नहीं हो सकती। सुधार की गुंजाइश हमेशा बनी रहती है।

अभ्यास के दौरान टीमों का रिस्पांस टाइम अच्छा रहा, लेकिन वास्तविक आपदा के समय इससे भी कम समय में राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित निकालना और राहत पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए। इस दौरान एसपी संचार रेवाधर मठपाल, एसडीएम डा. अमृता सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन आदि रहे।

यह भी पढ़ें- मॉक ड्रिल: मसूरी में हवा में लटकी पर्यटकों को ला रही रोपवे ट्रॉली, रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में 28 नवंबर को 300 स्थानों पर होगी मॉक ड्रिल, भूकंप और भूस्खलन जैसी आपदाओं से निपटने का होगा अभ्यास

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।