निकाय चुनाव : भाजपा में बगावत ने नैनीताल से दून तक मचाई खलबली
निकाय चुनाव में टिकट नहीं मिलने के बाद एक साथ आधा दर्जन नेताओं के बगावत से नैनीतला से देहरादून तक भाजपा में खलबली मच गई है। ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, नैनीताल : निकाय चुनाव में टिकट नहीं मिलने के बाद एक साथ आधा दर्जन नेताओं के पार्टी से बगावत पर चुनावी मैदान में कूदने से भाजपा में नैनीताल से लेकर दून तक खलबली मच गई है। बगावत पर उतारू वरिष्ठ नेताओं ने नैनीताल नगर अध्यक्ष के बहाने पूर्व सीएम व सांसद भगत सिंह कोश्यारी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। यह देख पार्टी रणनीतिकारों ने अब डैमेज कंट्रोल के लिए तमाम स्तरों पर नाराज नेताओं से बातचीत आरंभ कर दी है। पार्टी संगठन को उम्मीद है कि नामांकन वापसी की तिथि तक स्थिति संभल जाएगी।
दरअसल, पालिकाध्यक्ष पद पर टिकट नहीं मिलने से नाराज वरिष्ठ नेता गोपाल रावत, पूरन मेहरा, कुंदन बिष्ट, भानू पंत, दयाकिशन पोखरिया, राकेश कुमार ने निर्दलीय नामांकन किया है। कभी नगर में पार्टी के स्तंभ माने जाने वाले इन नेताओं की नाराजगी से पार्टी का चुनाव प्रचार भी प्रभावित हो रहा है। पार्टी ने पालिकाध्यक्ष पद पर साफ सुथरी छवि के कुमाऊं विवि कार्य परिषद के सदस्य व भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष अरविंद पडियार को मैदान में उतारा है, मगर नाराज नेताओं का कहना है कि उनकी वरिष्ठता की अनदेखी की गई। जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट का कहना है कि टिकट को लेकर नाराज वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से बातचीत की जा रही है। कोई कार्यकर्ता नाराज नहीं है। जो भी समस्याएं होंगी, पार्टी फोरम में उनका समाधान किया जाएगा। कांग्रेस में भी हालत खराब, नाराज नेताओं की मान-मनोव्वल शुरू
नैनीताल : नगर पालिकाध्यक्ष पद पर टिकट वितरण से नाराज कांग्रेस में डैमेज कंट्रोल शुरू हो गया है। नाराज नेताओं से पार्टी प्रत्याशी सचिन नेगी खुद बातचीत कर रहे हैं।
प्रदेश में टिकट वितरण में महिलाओं की उपेक्षा का आरोप लगाने वाली पूर्व विधायक सरिता आर्य को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने करारा जवाब दे दिया था। पूर्व विधायक ने स्थानीय नाराज पदाधिकारियों को शांत करने के लिए टिकट वितरण में नाराजगी जताई थी, मगर प्रदेश संगठन ने उसे दूसरे रूप में लिया। पार्टी प्रत्याशी के नामांकन में निकली जुलूस में पूर्व विधायक के साथ ही नाराज नेताओं के भी शामिल होने से पार्टी रणनीतिकार खुश हैं। बहरहाल, पूर्व पालिकाध्यक्ष मुकेश जोशी मंटू, डीएसए महासचिव अजय साह, व्यापार मंडल मल्लीताल के अध्यक्ष किशन सिंह नेगी, पूर्व सभासद दीपा मिश्रा, उपभोक्ता फोरम के सदस्य राजेंद्र परगांई के नामांकन से पार्टी रणनीतिकारों की चिंता बढ़ी हुई है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।