उत्तराखंड पहुंचे अंडर-19 एशिया कप चैंपियन लक्ष्य रायचंदानी, अगला लक्ष्य आईपीएल और विश्व कप
अंडर-19 एशिया कप विजेता टीम के कप्तान लक्ष्य रायचंदानी अब आईपीएल मिनी ऑक्शन और 2028 अंडर-19 विश्व कप में खेलने का लक्ष्य बना रहे हैं।

डीएवी स्कूल में किया गया क्रिकेटर लक्ष्यराय चंदानी का स्वागत। सौ. स्कूल

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
आइपीएल के बाद अंडर-19 विश्व कप में चौके-छक्के का 'लक्ष्य'
- एशिया कप चैंपियन बनने के बाद पहली बार हल्द्वानी पहुंचे कप्तान लक्ष्य रायचंदानी
ललित मोहन बेलवाल, हल्द्वानी । शहर के होनहार क्रिकेटर और अंडर-19 क्रिकेट टीम के कप्तान लक्ष्य रायचंदानी इंडियन प्रीमियर लीग (आइपीएल) में खेलते हुए नजर आएंगे। उन्होंने 16 दिसंबर को होने वाले आइपीएल के मिनी आक्शन के लिए अपना नाम भेजा है।
इसके बाद लक्ष्य का अगला लक्ष्य अंडर-19 विश्व कप में भारत को चैंपियन बनाना है। 14 नवंबर को ओमान में हुए अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान के विरुद्ध लक्ष्य ने 80 रनों की कप्तानी पारी खेली थी और भारत को खिताबी जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
भारत को एशिया चैंपियन बनाने के बाद वह बुधवार को हल्द्वानी के डीएवी स्कूल पहुंचे। यहां उन्होंने दैनिक जागरण से बातचीत में एशिया कप के सफर, पूर्व दिग्गज भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग और राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ के साथ ड्रेसिंग रूम के माहौल और अपने भविष्य की योजनाओं को लेकर बातचीत की।
लक्ष्य ने बताया कि वह 14 दिसंबर से होने वाली विजय हजारे ट्राफी में खेलेंगे। इसके साथ ही आइपीएल के मिनी आक्शन के लिए भी उन्होंने अपना नाम भेजा है। उम्मीद है कि उनको खरीदने को लेकर आइपीएल टीमें दिलचस्पी दिखाएंगी। लक्ष्य को विश्वास है कि वह 2028 में होने वाले अंडर-19 विश्व कप की टीम में रहेंगे और अपने बेहतर प्रदर्शन से सीनियर क्रिकेट टीम में जगह बनाएंगे।
हमेशा सकारात्मक रहा ड्रेसिंग रूम का माहौल
ड्रेसिंग रूम में दिग्गज क्रिकेटरों के बेटों आर्यवीर और अन्वय की मौजूदगी को लेकर उन्होंने कहा कि एशिया कप के सफर के दौरान हमेशा सकारात्मक माहौल रहा। इस दौरान सभी खिलाड़ियों के साथ एक समान व्यवहार किया गया। हर कोई फाइनल में पाकिस्तान को हराकर टीम को जिताने के लिए बेताब था। यही वजह है कि जैसे ही भारत ने जीत हासिल की। सभी खिलाड़ी खुशी मनाते हुए मैदान की ओर दौड़े।
गोंडा से हल्द्वानी आए लक्ष्य
लक्ष्य ने कहा कि हल्द्वानी समेत पूरे उत्तराखंड में काफी प्रतिभावान क्रिकेटर हैं। वह उनसे यही कहेंगे कि आप अपनी मेहनत करते रहें, आपके सपने जरूर पूरे होंगे। लक्ष्य मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोंडा के रहने वाले हैं।
शुरुआत में उन्होंने अपने घर पर ही क्रिकेट की प्रैक्टिस की। इसके बाद नौ साल की उम्र में लक्ष्य हल्द्वानी आ गए थे। यहां उन्होंने जीएनजी क्रिकेट अकादमी में कोच अशोक कुमार और अभिषेक कुमार से क्रिकेट की बारीकियां सीखीं। लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने उत्तराखंड की घरेलू टीम में जगह बनाई।
जुलाई में लगाया था दोहरा शतक
इसी वर्ष जुलाई में उन्होंने यूथ टेस्ट में भारत के लिए खेलते हुए दोहरा शतक जड़ा था। अब एशिया कप के दौरान भी उन्होंने 263 रन बनाकर भारत की जीत में अहम योगदान दिया।
आइपीएल खेलने वाले होंगे जिले के तीसरे क्रिकेटर
अगर मिनी आक्शन में लक्ष्य को किसी टीम की ओर से खरीदा जाता है तो वह आइपीएल में खेलने वाले नैनीताल जिले के तीसरे क्रिकेटर बन जाएंगे। उनसे पहले रामनगर के अनुज रावत और हल्द्वानी के आर्यन जुयाल आइपीएल में अलग-अलग टीमों से खेल चुके हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।