हल्द्वानी के लक्ष्य रायचंदानी ने अंडर-19 क्रिकेट में नाम किया रोशन, सीनियर टीम की जर्सी पर नजर
हल्द्वानी से निकले युवा क्रिकेटर लक्ष्य रायचंदानी ने अंडर-19 एशिया कप में भारत को जीत दिलाई और अपने पहले यूथ ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
चयन राजपूत जागरण, हल्द्वानी। अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में भारतीय टीम की जीत की चर्चा है। इस चर्चा के बीच एक ऐसा नाम है जिसके नेतृत्व में टीम ने यह इतिहास रचा है। हम बात कर रहे हैं हल्द्वानी की माटी में पसीना बहाकर सफलता का शतक लगाने वाले लक्ष्य रायचंदानी की।
इनकी कहानी उन युवाओं के लिए मिसाल है, जो बड़े सपने देखते हैं और उन्हें पूरा करने के लिए घर-परिवार से दूर रहकर मेहनत करते हैं। लक्ष्य बतौर बल्लेबाज क्रिकेट जगत में सनसनी बनकर उभर रहे हैं।

मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गोंडा जनपद व वर्तमान में हल्द्वानी की जीएनजी एकेडमी में क्रिकेट का प्रशिक्षण ले रहे लक्ष्य ने अपनी कप्तानी और शानदार बल्लेबाजी से भारत को जीत दिलाकर देश के साथ ही उत्तराखंड का नाम भी रोशन किया है।
बेटे की इस कामयाबी से पिता राजेश रायचंदानी का सीना गर्व से चौड़ा है, लेकिन उनकी उम्मीद बड़ी हैं। फोन पर बातचीत में पिता राजेश रायचंदानी ने कहा कि 'मेरे बेटे का लक्ष्य भारतीय सीनियर टीम की जर्सी पहनना है।
वह बचपन से उत्तराखंड की माटी में खेलता आया है और आगे भी उत्तराखंड की ओर से ही खेलता रहेगा'। बताया कि लक्ष्य अपना आदर्श विराट कोहली और इंग्लैंड के जो रूट को मानते हैं। लक्ष्य ने हल्द्वानी के डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल से इंटरमीडिएट तक शिक्षा प्राप्त की।
राजेश रायचंदानी ने बताया कि शनिवार को जब भारत और पाकिस्तान का मुकाबला चल रहा था तो उनकी निगाहें टीवी पर टिकी थीं। हर गेंद और हर रन के साथ दिल की धड़कनें बढ़ रही थीं। भारतीय टीम की जीत पर उन्होंने कहा कि यह सिर्फ मेरे बेटे की जीत नहीं है, बल्कि पूरे भारत की जीत है।
आठ साल पहले नौ साल की उम्र में हल्द्वानी पहुंचे लक्ष्य
बचपन से ही लक्ष्य का क्रिकेट के प्रति जुनून ऐसा था कि घर के बाहर गली में अकेले ही गेंद और बल्ला लेकर घंटों अभ्यास करते थे। पिता राजेश बताते हैं कि खिलाड़ी नहीं आने पर वह अकेले ही खेलने निकल पड़ता था। उन्होंने इस प्रतिभा को पहचाना और उसे बेहतर प्रशिक्षण दिलाने का निर्णय लिया।
इसी सपने को पूरा करने के लिए वर्ष 2018 में लक्ष्य ने हल्द्वानी का रुख किया। यहां उन्होंने कमलुवागांजा स्थित जीएनजी क्रिकेट अकादमी में प्रशिक्षण लेना शुरू किया। कोच अशोक कुमार और बाद में अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में उन्होंने बल्लेबाजी को निखारा।
कोच अभिषेक का इस वर्ष निधन हो गया था। दाएं हाथ के बल्लेबाज लक्ष्य ने क्रीज पर टिककर खेलने और बड़ी पारियां बनाने की क्षमता विकसित की। इसी बदौलत उन्होंने अंडर-19 टीम में जगह बनाई।
पिछले रणजी सीजन में लक्ष्य ने उत्तराखंड के लिए खेलते हुए अपने प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचा था। इस सीजन में भी उन्होंने रणजी टीम में जगह बनाई है।
पहले टेस्ट में ही दोहरा शतक जड़कर दिखाई प्रतिभा
लक्ष्य ने भारत और श्रीलंका के बीच जुलाई में खेले गए अपने पहले यूथ टेस्ट में ही दोहरा शतक जड़कर सभी को प्रभावित किया था। उन्होंने 324 गेंदों का सामना करते हुए 22 चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 207 रन बनाए थे।
उस मुकाबले में वह भारतीय टीम के उपकप्तान की भूमिका में भी रहे। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी पहचान बनाई। बीसीसीआइ की ओर से उन्हें नमन अग्रवाल अवार्ड के लिए भी चुना गया था। वह उत्तराखंड टीम के बेहतर खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं।
पिता को बेटे की मेहनत पर भरोसा
अंडर-19 टीम की कप्तानी और देश को जीत दिलाने के बाद लक्ष्य के सामने अब अगली चुनौती भारतीय सीनियर टीम तक पहुंचने की है। पिता को भरोसा है कि जिस लगन और मेहनत से बेटे ने यह मुकाम हासिल किया है, उसी के दम पर एक दिन वह भारतीय टीम की नीली जर्सी पहनने का सपना भी जरूर पूरा करेंगे। कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में 80 रन की पारी हमेशा यादगार रहेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।