लक्ष्य रायचंदानी ने एशिया कप अंडर 19 फाइनल में गाड़े झंडे, गोंडा में मनी खुशियों की दीवाली, बंटी मिठाई
एशिया कप अंडर-19 फाइनल में भारतीय कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने 80 रनों की शानदार पारी खेलकर भारत को जीत दिलाई।

भारत की जीत के बाद प्रसन्नता जताते लक्ष्य राय चंदानी के पिता राजेश रायचंदारी, मां लक्ष्मी राय चंदानी व बड़ी मां साधना राय चंदानी और लक्ष्य। दाएं से बाएं। जागरण
HighLights
लक्ष्य रायचंदानी ने एशिया कप अंडर-19 फाइनल में 80 रन बनाए।
उनकी कप्तानी में भारत ने पाकिस्तान को हराकर कप जीता।
गोंडा में जीत पर मिठाइयां बंटीं, आतिशबाजी से खुशी मनाई।
जागरण संवाददाता, गोंडा। धड़कनें तो पूरे देश की तेज थीं और गोंडा भी 'लक्ष्य' पर टकटकी लगाए था। आखिरी गेंद पर चौका पड़ते ही मानो खुशियों की फुलझड़ियां ही छूट पड़ीं। गोंडा के लिए तो यह खुशियों का डबल धमाका था।
देश की जीत में गोंडा के लाल और भारतीय अंडर-19 टीम के कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने बल्ले से 80 रनों की उपयोगी पारी खेली और उनकी कप्तानी में भारत को एशिया कप की ट्रॉफी मिलने से जिले के हर नागरिक का सीना फक्र से चौड़ा हो गया। गोंडा में एक बार फिर दीपावली मनी। मिठाइयां बंटीं। युवा खिलाड़ी भी लक्ष्य की सफलता पर एक-दूसरे को बधाई देते और खुशियों से झूमते नजर आए।
पूर्व विधायक के पौत्र हैं लक्ष्य
भारतीय अंडर-19 टीम के कप्तान लक्ष्य राय चंदानी शहर के गुड्डूमल चौराहा निवासी हैं। वह भाजपा के पूर्व विधायक तुलसीदास राय चंदानी के पौत्र हैं। शनिवार को भारत व पाकिस्तान के बीच होने वाले फाइनल मुकाबले पर गोंडावासियों की निगाहें टिकी हुई थीं।
मैच के अंतिम ओवर की आखिरी गेंद पर जैसे ही भारतीय बल्लेबाज मोहित उल्वा ने विजयी चौका लगाया गोंडावासी झूम उठे। फाइनल मैच में भी लक्ष्य ने कप्तानी पारी खेलते हुए 80 रन बनाए भारत की जीत के साथ ही शहर में एक बार फिर खुशियों की दीवाली मनाई गई।
क्रिकेटर अंशू तिवारी, सुरेंद्र कुमार, युवराज सिंह, नीरज मौर्य, अमित गुप्ता ने कहा कि आज हमारे लिए गर्व का दिन है। भारतीय टीम की जीत युवाओं के लिए बड़ी प्रेरणा है।
माता-पिता ने जताई खुशी
क्रिकेट प्रेमियों ने लक्ष्य के पिता राजेश राय चंदानी व माता लक्ष्मी राय चंदानी को मिठाई खिलाकर बधाई दी लक्ष्य के पिता राजेश राय चंदानी ने कहा कि बेटे के नेतृत्व में भारत को मिली जीत से पूरा परिवार खुश है।
पाकिस्तान के खिलाफ यह जीत वर्षों तक याद रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ उनके बेटे की नहीं बल्कि, पूरी भारतीय टीम की जीत है। सभी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। मां लक्ष्मी राय चंदानी ने कहा कि मेरे लिए आज भी दीवाली है। बाबा तुलसीदास राय चंदानी भी भारत की जीत से खुश दिखे और कहा मिठाई खाओ।
लक्ष्य ने रोशन किया विश्व पटल पर अवध का नाम
श्रीरामवल्लभाकुंज जानकी घाट अयोध्या के महांत और मुख्य अधिकारी व श्रीराम जन्म भूमि ट्रस्ट के सदस्य राजकुमार दास ने दैनिक जागरण कार्यालय में भारत की जीत पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने खुशी में मिठाई बांटी और कहा कि आज भारत के लिए गौरव का दिन है। गोंडा की मिट्टी में जन्मे लाल ने अवध का नाम विश्व पटल पर रोशन किया है। महांत मनीष दास, महांत शशिकांत दास व अरविंद शुक्ल ने भारत की जीत को ऐतिहासिक बताया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।