Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Kumaun University Convocation 2022 : 120 में 95 गोल्ड मेडल बेटियों को मिलने पर मुग्ध हुए कुलाधिपति, बोले- आठ पेटेंट हासिल करना बड़ी विवि के लिए उपलब्धि

    By Skand ShuklaEdited By:
    Updated: Fri, 27 May 2022 12:27 PM (IST)

    Kumaun University Convocation 2022 राज्यपाल और कुलाधिपति गुरमीत सिंह ने कहा है कि पिछले दो साल कोरोना की कठिन चुनौतियों के बाद भी कुमाऊं विवि तमाम उपलब्धियां अर्जित करने में सफल रहा है। कुलाधिपति ने 120 में से 95 गोल्ड मेडल बेटियों को मिलने पर हर्ष जताया।

    Hero Image
    Kumaun University Convocation 2022 : 120 में 95 गोल्ड मेडल बेटियों को मिलने पर मुग्ध हुए कुलाधिपति

    नैनीताल, जागरण संवाददता : Kumaun University Convocation 2022 :राज्यपाल और कुलाधिपति गुरमीत सिंह ने कहा है कि पिछले दो साल कोरोना की कठिन चुनौतियों के बाद भी कुमाऊं विवि तमाम उपलब्धियां अर्जित करने में सफल रहा है। कुमाऊं विवि के नैनो साइंस एंड टेक्नोलॉजी विभाग व अन्य की वैज्ञानिक खोज पर आठ अंतरराष्ट्रीय पेटेंट प्राप्त करना विवि के लिए बड़ी उपलब्धि है। कुलाधिपति ने 120 में से 95 गोल्ड मेडल बेटियों को मिलने पर हर्ष जताया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    राज्यपाल शुक्रवार को कुमाऊं विवि के 17वें दीक्षा समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उपलब्धि के बाद भी सुधार की आवश्यकता बनी हुई है। उन्होंने नई शिक्षा नीति के मूलभूत सिद्धान्तों के अनुसार ज्ञान को कौशल से, नए को प्राचीन से, भाषा को विषयों से तथा ग्लोबल को लोकल से जोड़ने की जरूरत बताई।

    राज्यपाल ने कहा कि प्रकृति के संरक्षण के साथ पर्यटन गतिविधियों को बढ़ाने के लिए काम करने की जरूरत है। साथ ही जैव विविधता, पर्यावरण संरक्षण, पर्यटन बढ़ाने की दिशा में शोध व अनुसंधान की कार्ययोजना तैयार की जानी चाहिए। ज्ञान के जरीए लोगों की आजीविका और जीवनशैली को सरल व सुगम बनाया जाए। कहा कि पलायन राज्य की सबसे बड़ी चुनौती है, इसका समाधान शोध, अनुसंधान व कार्ययोजना से निकल सकता है। कुलपति प्रो एनके जोशी ने कहा कि विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि अर्जित की है। उन्होंने विभिन्न स्तरों पर विवि की रैंकिंग का विशेष उल्लेख किया।

    नए सत्र से लागू होगी शिक्षा नीति

    उच्च शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने कहा कि कोरोना संकट के दौर में भी राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर काम किया है। राज्य के सभी विश्वविद्यालयों में एक समान पाठ्यक्रम के लिए कुलपति प्रो जोशी की अध्यक्षता में कमेटी बनाई है। नए शैक्षणिक सत्र से नई शिक्षा नीति लागू की जा रही है। इसमें प्राचीन ज्ञान के साथ ई लर्निंग का समावेश भी है। राज्य में उच्च शिक्षा का जो पाठ्यक्रम तैयार किया है, उसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, थ्री डी मशीन, डेटा विश्लेषण, जैव प्रौद्योगिकी के समावेशन से अत्याधुनिक क्षेत्रों में कुशल पेशेवर तैयार होंगे।

    राज्यपाल ने दी 58 हजार से अधिक डिग्री

    राज्यपाल ने 58 हजार से अधिक डिग्री, 410 शोध उपाधि प्रदान करने के साथ ही टॉपर छात्रों को मेडल प्रदान किये। इस अवसर पर विधायक सरिता आर्य, जिलाधिकारी धीराज गर्ब्याल, एसएसपी पंकज भट्ट, संयुक्त मजिस्ट्रेट प्रतीक जैन, एसपी हरवंश सिंह, कुलसचिव दिनेश चंद्रा, परिसर निदेशक प्रो एलएम जोशी, प्रो आरके पांडे, प्रो एबी मेलकानी, प्रो पीसी कविदयाल, प्रो प्रदीप गोस्वामी, प्रो एसपीएस बिष्ट, प्रो एलएस लोधियाल, प्रो ललित तिवारी, प्रो एनजी साहू, डॉ अशोक कुमार, प्रो जीत राम, कार्यपरिषद सदस्य कैलाश जोशी, समेत अन्य उपस्थित थे।