विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हर दशक 0.34 डिग्री तप रही उत्तराखंड की जमीन, ऊंचे इलाकों की ओर खिसक रहीं फल पट्टियां

Published: Wed, 25 Nov 2026 01:00 PM (IST)Updated: Wed, 25 Nov 2026 01:07 PM (IST)

बढ़ते तापमान और अनियमित बारिश के कारण कुमाऊं हिमालय की पारंपरिक बागवानी संकट में है, जिससे फल पट्टियां ऊंचे इलाकों की ओर खिसक रही हैं। वैज्ञानिकों ने कम ठंड वाली किस्में अपनाने, वर्षा जल संरक्षण और सूक्ष्म सिंचाई जैसे समाधान सुझाए हैं।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

पंकज कुमार, हल्द्वानी। बढ़ते तापमान और बारिश के बदलते मिजाज ने कुमाऊं हिमालय की पारंपरिक बागवानी पर संकट खड़ा कर दिया है।

वैज्ञानिक शोध के अनुसार, 4,251 वर्ग किलोमीटर में फैले नैनीताल जिले के निचले तराई-भाबर क्षेत्र हल्द्वानी और रामनगर, 600 मीटर से कम ऊंचाई में वर्ष 1990 से 2025 के दौरान औसत तापमान प्रति दशक 0.34 डिग्री सेल्सियस बढ़ा है। मध्य पहाड़ी बेतालघाट-ज्योलीकोट (600–1200 मीटर) और उच्च पर्वतीय रामगढ़-मुक्तेश्वर (1200 मीटर से अधिक) में भी गर्मी बढ़ने से फल पट्टियां ऊपर की ओर खिसक रही हैं।

हिमालयी जलवायु परिवर्तन अध्ययन के विशेषज्ञ डा. पीसी चन्याल ने शोध छात्रा डा. दिव्या शिवानी के साथ यह अध्ययन किया। डा. चन्याल के अनुसार, शोध स्प्रिंगर नेचर के डिस्कवर अर्थ आब्जर्वेशन जर्नल में प्रकाशित हुआ है। इसमें नैनीताल जिले के तीन क्षेत्रों में 300 से 2,600 मीटर से अधिक ऊंचाई तक के बागवानी उत्पादन की जांच की गई। इसमें सेब, खुबानी, नींबू वर्गीय फल, आम, आड़ू, नाशपाती और आलूबुखारा शामिल हैं।

अध्ययन के अनुसार तीनों क्षेत्रों में धूप एक समान है, लेकिन तापमान और औसतन 2,500–3,500 मिमी बारिश का संतुलन बिगड़ा है। मानसून की अनियमितता और सर्दियों में पश्चिमी विक्षोभ से होने वाली बारिश घटने के कारण लंबे सूखे के बाद अचानक तेज बारिश हो रही है। इससे फलों के फटने और जड़ों के सड़ने की समस्या बढ़ी है।

समय से पहले आ रहे फूल

कलियां बनने के समय अधिक गर्मी से पेड़ों की श्वसन दर बढ़ती है और वे संचित कार्बोहाइड्रेट ऊर्जा खर्च कर देते हैं। इससे अगली वसंत में फल कम लगते हैं।

निचले इलाकों के नींबू वर्गीय फलों तथा मध्य पहाड़ी क्षेत्र के आड़ू और आलूबुखारा पर इसका सीधा असर पड़ा है। मौसम में बदलाव से पेड़ों पर समय से पहले फूल आते हैं, जो मौसम बिगड़ने पर झड़ जाते हैं। ऊंचे इलाकों में सर्दी घटने से सेब और खुबानी को जरूरी ठंड (चिलिंग आवर्स) नहीं मिल पा रही।

नई किस्में और मौसम केंद्र जरूरी

विशेषज्ञ डा. चन्याल ने कहा कि खाद-सिंचाई, कीट-रोग और ओलावृष्टि भी पैदावार घटाते हैं। ऊंचे पहाड़ों की कम गहरी मिट्टी और खड़ी ढलानों के चलते बगीचों को और ऊपर ले जाना कठिन है। वहां जमीनी मौसम केंद्रों की भी कमी है। उन्होंने कम ठंड में उगने वाली (लो-चिलिंग) किस्में अपनाने, वर्षा जल संरक्षण, सूक्ष्म सिंचाई और गांव स्तर पर मौसम निगरानी केंद्र लगाने की सलाह दी।

तापमान वर्ष 1990–2025

  • निचले क्षेत्र का औसत तापमान 22.28 डिग्री सेल्सियस ( 0.34 डिग्री सेल्सियस प्रति दशक बढ़ा)।
  • मध्य पहाड़ी में 19.70 डिग्री सेल्सियस ( 0.12 डिग्री सेल्सियस प्रति दशक बढ़ा)
  • उच्च पर्वतीय में 17.42 डिग्री सेल्सियस ( 0.13 डिग्री सेल्सियस प्रति दशक बढ़ा)

बढ़ते तापमान और अनियमित बारिश से बागवानी प्रभावित हुई है, जिससे सेब और आड़ू जैसे फलों की पैदावार ऊंचे इलाकों की ओर स्थानांतरित हो रही है। इस चुनौती से निपटने के लिए बागवानी विभाग किसानों को जलवायु अनुकूल फसलों के चयन और उचित प्रबंधन के प्रति जागरूक कर रहा है। - प्रेमा राणा, सीएचओ

यह भी पढ़ें- होटल की नौकरी छोड़ गांव लौटे राजेश ने सेब की बागवानी से बदली तकदीर, एप्पल मिशन योजना से शुरू की खेती से लिखी नई इबारत

यह भी पढ़ें- बागवानी व सब्जी की खेती से अपनी आय दोगुनी कर सकते किसान, उद्यान विभाग की ये योजना बड़े काम की

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।