फेसबुक विज्ञापन और फर्जी अपॉइंटमेंट लेटर से महिला प्रोफेसर से 1.14 लाख की ठगी
काशीपुर की एक महिला प्रोफेसर ऑनलाइन टीचिंग के नाम पर साइबर ठगी का शिकार हो गईं और 1.14 लाख रुपये गंवा दिए।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संस, जागरण, काशीपुर (ऊधम सिंह नगर)। फेसबुक पर विज्ञापन, व्हाट्सएप पर एक ग्रुप व फर्जी अप्वाइंटमेंट लेटर। तीन चीजों के सहारे ठगों ने राधे हरि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की महिला प्रोफेसर से 1.14 लाख रुपये ठग लिए।
प्राध्यापिका ने 12 नवंबर को फेसबुक पर ‘बायजूज, आनलाइन होम ट्यूटर’एप के जरिए आनलाइन टीचिंग के लिए आवेदन किया था। ठनों ने घर बैठे पढ़ाने व अच्छी आय कमाने का लालच देकर ठगी को अंजाम दिया। आवेदन करते ही उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया गया, जिसे गुलाब सिंह नाम का व्यक्ति संचालित कर रहा था।
शुरुआत बिल्कुल असली नौकरी जैसी थी। पहले सीवी मांगा गया, फिर आइडी कार्ड बनाने के नाम पर पहचान पत्र लिया गया। प्रोफेसर को भरोसा हो गया। इसके बाद उनके पास अपाइंटमेंट लेटर आ गया। यहीं से ठगी का असली खेल शुरू हुआ।
ठगों ने कहा कि रजिस्ट्रेशन के लिए 1500 रुपये लगेंगे, जो पहली सैलरी के साथ वापस मिल जाएंगे। प्रोफेसर ने 1500 रुपये दे दिए। उन्हें लगा, नौकरी पक्की हो गई, अब तो बस पढ़ाना है। इसके बाद 12 से 17 नवंबर के बीच हर दिन नया बहाना आ गया।
कभी इंश्योरेंस, कभी जीएसटी, कभी हेल्थ कार्ड। हर बार यही कहा गया कि ये आखिरी फीस है, प्रक्रिया पूरी होते ही सारा पैसा रिफंड हो जाएगा। रिफंड के लालच में प्रोफेसर एक के बाद एक रकम ट्रांसफर करती रहीं।
उन्होंने अजय सिंह शेखावत, सिंटू कुमार, संदीप व देवलकर आदि के नाम पर कई बार में 1,14,220 रुपये डाल दिए। नौकरी व रिफंड नहीं मिलने पर ठगी का अहसास होने पर पुलिस से शिकायत की।
प्रभारी निरीक्षक मोहन पांडे ने बताया कि अज्ञात ठग के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत कर साइबर और बैंक लेनदेन से जुड़े तथ्यों की पड़ताल शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- ऊधम सिंहन नगर के काशीपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज और हत्या के गंभीर आरोप
यह भी पढ़ें- ऊधम सिंह नगर के काशीपुर में गुरु नानक प्रकाश पर्व की धूम, फूलों से सजा ननकाना साहिब, उमड़े श्रद्धालु