By Deep belwalEdited By: Nitesh Srivastava
Updated: Wed, 15 Feb 2023 12:01 PM (IST)
हेरिटेज एविएशन कंपनी इस रूट पर हेली सेवा शुरू करने जा रही है। सीएम के हल्द्वानी दौरे के दौरान कंपनी हेलीपैड का विजिट कर चुकी है। कंपनी अधिकारियों का कहना है कि इसी महीने अंत तक यह सुविधा यात्रियों को उपलब्ध हो सकती है।
दीप चंद्र बेलवाल, हल्द्वानी: हल्द्वानी से धारचूला तक का सफर अब 40 मिनट में हो सकेगा। हेरिटेज एविएशन कंपनी इस रूट पर हेली सेवा शुरू करने जा रही है। सीएम के हल्द्वानी दौरे के दौरान कंपनी हेलीपैड का विजिट कर चुकी है। कंपनी अधिकारियों का कहना है कि इसी महीने अंत तक यह सुविधा यात्रियों को उपलब्ध हो सकती है।
विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
हल्द्वानी से धारचूला की दूरी सड़क मार्ग से 335.5 किलोमीटर है। बस से धारचूला पहुंचने में 15 घंटे लग जाते हैं। जाम रहा तो सफर की समयावधि और बढ़ जाती है। यात्रियों की परेशानियों को देखते हुए सरकार इस रूट पर हेली सेवा शुरू करने जा रही है। यह काम हेरिटेज एविएशन कंपनी को सौंपा गया है। हेली सेवा शुरू होने से धारचूला से सटे मुनस्यारी, पिथौरागढ़ और सीमा पार नेपाल तक जाने वाले लोगों को फायदा होगा।
हेलीकाप्टर हल्द्वानी के गौलापार हेलीपैड से एक दिन में दो चक्कर लगाएगा। रात को हेलीकाप्टर गौलापार स्थिति हैलीपेड पर ही पार्क रहेगा। इसके लिए अलग हेलीपैड बना दिया गया है।
न्यूनतम रहेगा हेलीकाप्टर का किराया
हेरिटेज कंपनी के अधिकारियों के अनुसार हेलीकाप्टर का किराया न्यूनतम रहेगा। ताकि आम आदमी भी सफर कर सके। हेलीकाप्टर का लाभ सीमांत से हल्द्वानी में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा के लिए आने वाले लोगों को भी मिलेगा।
देहरादून-हल्द्वानी व पिथौरागढ़ हेली सेवा ठप
देहरादून-हल्द्वानी व पिथौरागढ़-देहरादून हेली सेवा 10 दिन से ठप है। अधिकारी तकनीकी दिक्कत बता रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि पायलट की कमी के कारण हेली सेवा रोकी गई है। जो पायलट हेलीकाप्टर चला रहा था, वह अवकाश पर चल रहा है। हालांकि अधिकारियों का दावा है कि जल्द सेवा फिर से शुरू हो जाएगी।
हफ्ते में एक दिन कीजिए अल्मोड़ा का सफर
देहरादून से हल्द्वानी, हल्द्वानी से पंतनगर तथा पंतनगर से पिथौरागढ़ तक जाने वाला हेलीकाप्टर हफ्ते में एक दिन अल्मोड़ा भी जाने लगा है। अगर किसी यात्री को सफर करना है तो वह शुक्रवार को हल्द्वानी से सीधे अल्मोड़ा जा सकता है। बशर्ते यात्रियों को देहरादून-पिथौरागढ़ हेली सेवा शुरू होने का इंतजार करना पड़ेगा।
हेरिटेज एविएशन के जनरल मैनेजर मनीष भंडारी ने बताया कि हल्द्वानी से धारचूला के लिए हेली सेवा शुरू की जा रही है। इसके लिए कंपनी की ओर से विजिट हो गया है। डीजीसी का निरीक्षण और होना है। हेली सेवा का लाभ सीमांत के लोगों व हल्द्वानी वासियों को मिलेगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।