विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नैनीताल की राह में जाम का जंजाल, 12577 ऑटो-ई-रिक्शा रजिस्टर... सड़कों पर बढ़ा दबाव

Published: Wed, 18 Nov 2026 09:56 AM (GMT+05:30)

ऑटो और ई-रिक्शा के बढ़ते जमावड़े से सड़कों पर जाम की समस्या गंभीर हो गई है, जिससे पर्यटन नगरी की पहचान प्रभावित हो रही है।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। नैनीताल जिले की पहचान कभी पर्यटन के लिए होती थी, लेकिन अब यहां की सड़कों पर लगने वाला जाम बाहरी राज्यों से आने वाले सैलानियों के लिए भी परेशानी का सबब बन रहा है।

शहर की बदहाल यातायात व्यवस्था की एक बड़ी वजह सड़क किनारे बेतरतीब खड़े ऑटो और ई-रिक्शा भी हैं। सड़कों पर इनका बढ़ता जमावड़ा शहर की रफ्तार थाम रहा है।

कुल 12,577 ऑटो-ई-रिक्शा पंजीकृत

जिले में सवारी और मालवाहक श्रेणी के कुल 12,577 ऑटो-ई-रिक्शा पंजीकृत हैं। इनमें 4,554 सवारी ई-रिक्शा, 308 मालवाहक ई-रिक्शा, 7,102 सवारी ऑटो और 613 मालवाहक ऑटो शामिल हैं। इतनी बड़ी संख्या में वाहनों के संचालन के बीच पार्किंग की समुचित व्यवस्था और नियमों का पालन नहीं होने से सड़कों पर दबाव बढ़ रहा है। मंगलवार को दैनिक जागरण की पड़ताल में शहर के कई प्रमुख स्थानों पर अव्यवस्था की यही तस्वीर नजर आई।

सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय के मुख्य गेट के आसपास, लक्ष्मी सिनेमा हाल के निकट तिराहे पर, कालूसिद्ध मंदिर के पास, बेस अस्पताल और कोतवाली के नजदीक सड़क किनारे ऑटो -ई-रिक्शा की कतारें लगी मिलीं। कई वाहन बेतरतीब ढंग से खड़े नजर आए। अस्पतालों के आसपास मरीजों और तीमारदारों की आवाजाही के बीच सड़क पर खड़े ये वाहन आवागमन में बाधा बन रहे हैं। वहीं, तिराहों और प्रमुख मार्गों के किनारे इनका जमावड़ा यातायात का दबाव और बढ़ा रहा है।

हैरानी की बात यह है कि ऑटो चालकों के लिए स्टेडियम रोड, सरगम सिनेमा के सामने, मंगलपड़ाव और भोलानाथ गार्डन में पार्किंग की व्यवस्था है। इसके बावजूद कई चालक निर्धारित स्थलों पर वाहन खड़े करने के बजाय सड़क किनारे ही जमावड़ा लगाए रहते हैं।

हजारों पंजीकृत वाहनों के लिए पार्किंग और संचालन की प्रभावी व्यवस्था नहीं होने से समस्या गंभीर होती जा रही है। साफ है कि शहर की सड़कों पर बढ़ती अव्यवस्था की वजह केवल पार्किंग की कमी नहीं, बल्कि निर्धारित नियमों का पालन कराने में बरती जा रही ढिलाई भी है।

यातायात में बाधा बनने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी चालान किए जा रहे हैं।
-डा. जगदीश चंद्र, एसपी यातायात

पार्किंग स्थल तय, फिर भी सड़कों पर कब्जा

  • स्टेडियम रोड
  • सरगम सिनेमा के सामने
  • मंगलपड़ाव
  • भोलानाथ गार्डन

जिले में पंजीकृत ऑटो -ई-रिक्शा

  • सवारी ई-रिक्शा : 4,554
  • मालवाहक ई-रिक्शा : 308
  • सवारी ऑटो : 7,102
  • मालवाहक ऑटो : 613
  • कुल : 12,577

यह भी पढ़ें- नैनीताल जू में जल्द होगी सफेद बाघ और रंग-बिरंगे मकाओ की एंट्री, पर्यटकों को मिलेगा डबल सरप्राइज

यह भी पढ़ें- नैनीताल का 185 साल का सफर, शिक्षा हब के साथ पर्यटन नक्शे पर बनाई अनूठी पहचान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।