विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हल्द्वानी के सरस मेले में महिलाओं का कारनामा, चीड़ के लीसे से बनाई बदरी-केदार धाम की आकृतियां... कीमत 2000

Published: Thu, 26 Nov 2026 10:48 AM (IST)

हल्द्वानी के सरस मेले में पौड़ी के महिला समूह ने चीड़ के लीसे से बदरी-केदार धाम की आकर्षक आकृतियां बनाई हैं। यह नवाचार पहाड़ की महिलाओं के आत्मविश्वास और स्वरोजगार की नई तस्वीर पेश कर रहा है, जिसमें अन्य स्थानीय उत्पाद भी शामिल हैं।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

पंकज कुमार, हल्द्वानी। कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी में चल रहा राष्ट्रीय सरस आजीविका मेला सिर्फ खरीदारी का मंच नहीं, बल्कि पहाड़ की महिलाओं के बदलते आत्मविश्वास और नवाचार की जीवंत तस्वीर बन गया है।

मेले में ज्यादा सुर्खियां चीड़ के लीसे (रेजिन) से तराशे गए कलात्मक मंदिर बटोर रहे हैं। जंगल की इस उपज को अब तक केवल तारपीन और पेंट उद्योग तक सीमित माना जाता था, उसे पहाड़ की मातृशक्ति ने आस्था के रंग में रंगकर नवाचारी सोच की नई तस्वीर प्रस्तुत की है।

मिलाया हार्डनर और पत्थर का बारीक चूरा

पौड़ी जनपद के रिखणीखाल ब्लाक अंतर्गत ग्राम बहिला तल्ला निवासी युवंती ढिंढियाल और उनके सुरभि स्वयं सहायता समूह ने इस अनूठे प्रयोग को धरातल पर उतारा है। युवंती ने बताया कि लीसा गर्मी में पिघले नहीं और वर्षों तक सुरक्षित रहे, इसके लिए आकृतियों में हार्डनर और पत्थर का बारीक चूरा मिलाया जाता है।

इस खास तकनीक से समूह ने बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री सहित देवभूमि के कई प्रसिद्ध मंदिरों की बेहद सूक्ष्म और आकर्षक प्रतिकृतियां तैयार की हैं। मेले में ये कलाकृतियां 200 रुपये से लेकर 2000 रुपये तक की किफायती कीमत में उपलब्ध हैं।

रसोई को सेहतमंद बना रहे लोहे के नान-स्टिक बर्तन

मंदिरों की भव्यता के अलावा युवंती के स्टाल पर बिना किसी रासायनिक कोटिंग के विशेष तकनीक से तैयार लोहे का नान-स्टिक अप्पे पैन, जलेबी बनाने की कढ़ाई और लकड़ी के हैंडल वाला तड़का पैन भी लोगों की पसंद बने हुए हैं।

पहाड़ के स्वाद से 200 महिलाओं की बदली तकदीर

मेले में स्वरोजगार की एक और बड़ी मिसाल नैनीताल के नथुवाखान (रामगढ़) से आईं उच्च शिक्षित (एमए, एमएसडब्ल्यू) उद्यमी रमा बिष्ट पेश कर रही हैं।

वर्ष 2002 में घर की रसोई से फल प्रसंस्करण शुरू करने वाली रमा आज एप्पल जोन रामगढ़ के जरिए 50 स्वयं सहायता समूहों और 200 से अधिक ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बना चुकी हैं। पहाड़ी फलों के जैम, शुगर-फ्री स्क्वैश, कैमोमाइल-रोजमेरी हर्बल टी, एप्पल साइडर विनेगर और पारंपरिक मसालों समेत 100 से ज्यादा उत्पाद तैयार किए हैं।

पूर्वोत्तर की रंगत: हल्द्वानी में मणिपुर के शाल

सरस मेले में देवभूमि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति के साथ-साथ पूर्वोत्तर के कारीगरों की कलाकारी भी खूब रंग जमा रही है। मणिपुर से आई कारीगर यमरेला के शाल और आकर्षक मफलर लोगों को पसंद आ रहे हैं। शत-प्रतिशत हस्तनिर्मित (हैंडीक्राफ्ट) और बेमिसाल बुनाई वाले इन परिधानों की रेंज 350 से शुरू होकर 15,000 तक उपलब्ध है।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड के हल्द्वानी में 29 राज्यों का संगम, लोकल फॉर वोकल को मिली उड़ान... 172 महिला स्टॉल से सजा सरस मेला

यह भी पढ़ें- सरस मेला में रैंप पर जलवा बिखेरेंगी 'लखपति दीदी', कॉमेडी और क्विज शो का भी लगेगा तड़का

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।