विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड के हल्द्वानी में 29 राज्यों का संगम, लोकल फॉर वोकल को मिली उड़ान... 172 महिला स्टॉल से सजा सरस मेला

Published: Wed, 25 Nov 2026 12:42 PM (IST)

हल्द्वानी में सरस आजीविका मेला स्वदेशी उत्पादों और महिला सशक्तिकरण का केंद्र बना है, जिसमें 29 राज्यों के 250 स्टॉल लगे हैं। मेले में कुमाऊंनी छपेली और कथक नृत्य जैसी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी हुईं, जो 'लोकल फॉर वोकल' को बढ़ावा दे रही हैं।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता हल्द्वानी। शहर में चल रहा सरस आजीविका मेला स्वदेशी उत्पादों के प्रचार-प्रसार और महिला सशक्तिकरण का एक बड़ा केंद्र बनकर उभरा है। देश के 29 राज्यों से आए स्वयं सहायता समूहों और शिल्पकारों की भागीदारी से सजे इस मेले में कुल 250 स्टाल लगाए गए हैं, जिनमें से 172 स्टाल केवल महिला स्वयं सहायता समूहों को आवंटित किए गए हैं।

इसके माध्यम से मातृशक्ति की ओर से तैयार किए गए शुद्ध देशी व पारंपरिक उत्पादों को सीधा बाजार मिल रहा है, वहीं स्थानीय लोगों को भी देशभर की विशिष्ट कला और शिल्प को करीब से जानने का अवसर प्राप्त हो रहा है।

मंगलवार को मेले का सांस्कृतिक मंच पहाड़ी लोक कला और भारतीय शास्त्रीय परंपरा के अनूठे संगम का गवाह बना। कार्यक्रम का शुभारंभ एमबी इंटर कॉलेज मैदान में राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य और कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत ने संयुक्त रूप से फीता काटकर व दीप प्रज्वलित कर किया।

जिसके बाद कुमाऊं सांस्कृतिक कला उत्थान समिति, नैनीताल के कलाकारों ने प्रसिद्ध कुमाऊंनी गीत तेरो नथुली को डोर.. पर पारंपरिक छपेली लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। पारंपरिक वेशभूषा, मधुर लोकधुनों और आकर्षक नृत्य मुद्राओं ने उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पहाड़ की जीवनशैली को मंच पर जीवंत कर दिया।

भारतीय शास्त्रीय नृत्य की आध्यात्मिक झलक

लोकसंस्कृति के इस रंग के बाद मंच पर भारतीय शास्त्रीय नृत्य की आध्यात्मिक झलक देखने को मिली। सुजाता माहेश्वरी की टीम ने हनुमान चालीसा की शास्त्रीय संगीत शैली पर आधारित कथक नृत्य की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर पूरे परिसर को भक्तिरस से सराबोर किया।

सुर, ताल और भाव-भंगिमाओं के इस सुंदर समन्वय ने लोक और शास्त्रीय कला के बीच एक अनूठा सेतु बनाया। देर शाम हिमनाद बैंड के कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुति से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। परियोजना निदेशक शिल्पी पंत सहायक परियोजना अधिकारी चंद्रा फत्र्याल के अनुसार, मेले के आकर्षण को बढ़ाते हुए बुधवार को मुख्य सांस्कृतिक संध्या में सारेगामापा फेम प्रसिद्ध गायक नीरज उप्रेती अपनी सुरीली आवाज का जादू बिखेरेंगे।

कार्यक्रम के अंत में संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद दिनेश आर्य ने कहा कि सरस मेले जैसे आयोजन वोकल फार लोकल की अवधारणा को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मंच के जरिए उत्पादकों को सीधा बाजार और आमजन को शुद्ध उत्पाद उपलब्ध हो रहे हैं, जिससे स्थानीय कारीगरों और महिला उद्यमियों की आजीविका के नए अवसर सृजित हो रहे हैं।

विधायक बंशीधर भगत ने कहा कि सरस आजीविका मेला महिला सशक्तीकरण एवं ग्रामीण आजीविका को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकल फार वोकल के मंत्र को आत्मसात करते हुए मेले में बायर-सेलर मीट का आयोजन भी किया जा रहा है, जिससे महिला समूहों एवं ग्रामीण उद्यमियों को अपने उत्पादों के लिए व्यापक बाजार उपलब्ध हो सकेगा।

इस मौके पर जिला विकास अधिकारी संतोष पंत, अधिशासी अभियंता जल संस्थान रवि शंकर लोसाली, जिला कृषि अधिकारी संतोषी, जिला खाद्यय अधिकारी मनोज कुमार बर्मन आदि मौजूद रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।